अमेरिकी सरकार की सरकारी जवाबदेही कार्यालय यानी जीएओ की रिपोर्ट में सामने आया है कि वित्त वर्ष 2025 में भारत में नॉन-इमिग्रेंट वीजा के इंटरव्यू के लिए औसत इंतजार 346 दिन रहा। कोविड से पहले यानी वित्त वर्ष 2019 में यह औसत इंतजार 42 दिन था। भारत में वीजा आवेदनों की संख्या और उपलब्ध कॉन्सुलर अधिकारियों के बीच बड़ा अंतर भी सामने आया है।
नई दिल्ली, 28 सितंबर। अमेरिका का वीजा लेने की तैयारी कर रहे भारतीय आवेदकों के लिए इंटरव्यू की तारीख हासिल करना बड़ी चुनौती बन गया है। अमेरिकी सरकार के सरकारी जवाबदेही कार्यालय यानी जीएओ की 28 सितंबर 2026 को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025 में भारत में नॉन-इमिग्रेंट वीजा के इंटरव्यू के लिए औसत वेटिंग टाइम 346 दिन रहा। वित्त वर्ष 2019 में यह औसत 42 दिन था। यानी महामारी से पहले की तुलना में इंतजार कई गुना बढ़ गया है।
जीएओ ने अमेरिका के विदेश विभाग के आंकड़ों का विश्लेषण किया है। रिपोर्ट के मुताबिक वित्त वर्ष 2025 में भारत से नॉन-इमिग्रेंट वीजा के लिए 14,55,255 आवेदन आए, जबकि इन आवेदनों पर काम करने वाले कॉन्सुलर अधिकारी केवल 68 थे। इस हिसाब से प्रति अधिकारी करीब 21,401 आवेदन का बोझ था।
स्टाफ की कमी बनी बड़ी वजह
जीएओ के अनुसार अमेरिकी कॉन्सुलर सिस्टम को वीजा की मांग के अनुरूप पर्याप्त स्टाफ बनाए रखने में दिक्कत हुई है। विजिटर वीजा के मामलों में यह दबाव खास तौर पर दिखाई देता है।
अमेरिका में विजिटर वीजा पर फैसलों की संख्या वित्त वर्ष 2019 में 92 लाख से बढ़कर वित्त वर्ष 2025 में 1.17 करोड़ हो गई। यानी महामारी से पहले की तुलना में मांग और प्रोसेसिंग दोनों बढ़े। दूसरी ओर नॉन-इमिग्रेंट वीजा पर काम करने वाले कॉन्सुलर अधिकारियों की संख्या वित्त वर्ष 2024 में 1,342 से घटकर वित्त वर्ष 2025 में 904 रह गई। जीएओ ने इसके पीछे नई भर्तियां न होने और कर्मचारियों के नौकरी छोड़ने को प्रमुख कारणों में शामिल किया है।
भारत में चीन और ब्राजील से ज्यादा इंतजार
जीएओ ने भारत के साथ ब्राजील, चीन और मेक्सिको का भी विश्लेषण किया। रिपोर्ट के मुताबिक वित्त वर्ष 2025 में भारत में नॉन-इमिग्रेंट वीजा आवेदनों की संख्या 14.55 लाख थी और 68 कॉन्सुलर अधिकारी इन पर काम कर रहे थे। वहीं चीन में 12.06 लाख आवेदनों के लिए 119 अधिकारी और ब्राजील में 11.41 लाख आवेदनों के लिए 87 अधिकारी थे।
इंटरव्यू के औसत इंतजार की बात करें तो भारत में यह 346 दिन रहा, जबकि मेक्सिको में 283 दिन, चीन में 34 दिन और ब्राजील में 32 दिन था। जीएओ ने कहा कि भारत और मेक्सिको में आवेदनों की संख्या के मुकाबले कॉन्सुलर स्टाफ कम होना लंबे इंतजार की एक अहम वजह है।
पूरे अमेरिका में भी बढ़ा वीजा इंटरव्यू का इंतजार
जीएओ की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में विजिटर वीजा इंटरव्यू के लिए औसत इंतजार वित्त वर्ष 2019 में 26 दिन था, जो वित्त वर्ष 2025 में बढ़कर 201 दिन हो गया। यानी महामारी से पहले के मुकाबले औसत इंतजार करीब आठ गुना बढ़ गया।
रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी विदेश विभाग के पास कॉन्सुलर स्टाफ की जरूरत का आकलन करने की प्रक्रिया है, लेकिन इसे लगातार एक समान तरीके से लागू नहीं किया जाता। जीएओ ने विदेश विभाग को नियमित रूप से स्टाफिंग जरूरतों का आकलन करने की व्यवस्था बनाने की सिफारिश की है।
भारतीय आवेदकों के लिए इसका असर खास तौर पर टूरिस्ट और बिजनेस जैसे नॉन-इमिग्रेंट वीजा की इंटरव्यू प्रक्रिया में दिखाई देता है। हालांकि वास्तविक वेटिंग टाइम वीजा श्रेणी और संबंधित अमेरिकी कॉन्सुलेट के अनुसार अलग-अलग हो सकता है।

