
दिल्ली और आसपास के इलाकों में गुरुवार को वायु गुणवत्ता बेहद खराब रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सुबह 6 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 353 दर्ज किया गया। दिवाली के बाद से हवा की गुणवत्ता लगातार गिर रही है, जिससे राजधानी के कई इलाके ‘रेड जोन’ में पहुँच चुके हैं।
स्मॉग ने ढका दिल्ली का आसमान
अक्षरधाम मंदिर के आसपास और अन्य प्रमुख इलाकों में सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम रही। सड़कों पर घना स्मॉग छाया था। दिल्ली के अधिकांश इलाकों में AQI 300 से 400 के बीच दर्ज हुआ, जो ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, ऐसी स्थिति में सांस और दिल से संबंधित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
आनंद विहार में AQI 500 के पार
दिल्ली में सबसे खराब हालात आनंद विहार में दर्ज किए गए, जहां सुबह 5:30 बजे AQI 511 तक पहुँच गया। यह स्तर ‘गंभीर’ श्रेणी से भी ऊपर है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नागरिकों को घरों में रहने और बाहरी गतिविधियां सीमित करने की सलाह दी है। एनसीआर के कई हिस्सों में भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
आर्टिफिशियल बारिश का ट्रायल फिर अटका
दिल्ली में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए प्रस्तावित आर्टिफिशियल बारिश का ट्रायल एक बार फिर टल गया है। जुलाई में शुरू होने वाला यह प्रयोग अब तक नहीं हो पाया है क्योंकि मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, जरूरी बादल फिलहाल मौजूद नहीं हैं। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि जैसे ही बादल बनेंगे, तुरंत ट्रायल शुरू किया जाएगा। सभी मंजूरियाँ और फंड की व्यवस्था पूरी कर ली गई है।

