
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर ऐसी अफवाहें चल रही थीं कि अभिनेत्री तापसी पन्नू भारत छोड़कर अपने पति और बैडमिंटन खिलाड़ी मैथियास बोए के साथ डेनमार्क में स्थायी रूप से बस गई हैं। कहा जा रहा था कि उन्होंने भारत को अलविदा कह दिया है। लेकिन अब खुद तापसी ने इन सभी खबरों पर विराम लगाते हुए साफ किया है कि उनका भारत छोड़ने का कोई इरादा नहीं है।
‘हेडलाइन से ज्यादा रिसर्च कर लो!’ तापसी की फेक न्यूज पर नाराजगी
तापसी ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर इन खबरों का खंडन किया। उन्होंने लिखा— “क्या इससे कम झूठी और कम सनसनीखेज हेडलाइन नहीं मिल सकती थी? ज़रा रिसर्च कर लिया करो, इतनी जल्दी क्या है!”
उन्होंने उन लोगों को भी आड़े हाथों लिया जो बिना पुष्टि के अफवाहें फैलाते हैं। तापसी ने बताया कि वह मुंबई में अपने घर पर हैं और फैंस से झूठी खबरों पर विश्वास न करने की अपील की।
‘डोसा खाते हुए पढ़ी अपनी अफवाह’ — तापसी का मजेदार रिएक्शन
एक और पोस्ट में तापसी ने मजाकिया लहजे में लिखा— “इस उमस भरी मुंबई की सुबह में डोसा खाते हुए सोच रही हूं कि ये सब आखिर है क्या!”
उनका यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। फैन्स ने उनके सेंस ऑफ ह्यूमर की तारीफ करते हुए लिखा कि वे हमेशा की तरह “रियल और बेबाक” हैं।
डेनमार्क वाले घर और परिवार पर बोलीं तापसी
हाल ही में एक इंटरव्यू में तापसी ने अपने डेनमार्क वाले घर और परिवार के बारे में भी बात की थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने वहां भी भारतीय पारिवारिक संस्कृति को जीवित रखा है। उनके मुताबिक, “मैथियास के माता-पिता हमारे साथ ही रहते हैं, उनका अपना फ्लोर है। डेनिश संस्कृति में यह आम नहीं है, लेकिन मुझे लगता है कि परिवार के साथ रहना ही घर को घर बनाता है।”
उन्होंने यह भी कहा कि वे काम के हिसाब से भारत और डेनमार्क के बीच समय बांटती हैं — सर्दियों में भारत और गर्मी या बारिश में डेनमार्क में रहती हैं।
‘गांधारी’ से ओटीटी पर तापसी की वापसी
काम के मोर्चे पर तापसी जल्द ही नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ होने वाली फिल्म ‘गांधारी’ में नजर आएंगी। यह एक इंटेंस रिवेंज ड्रामा है, जिसका निर्देशन देवाशीष मखीजा ने किया है और कनिका ढिल्लों की कथा पिक्चर्स ने इसे प्रोड्यूस किया है।
इससे पहले तापसी को फिल्म ‘खेल खेल में’ में देखा गया था, जिसमें उनके साथ अक्षय कुमार, वाणी कपूर, अमी विर्क, आदित्य सील, प्रज्ञा जायसवाल और फर्दीन खान भी थे।

