सुप्रीम कोर्ट द्वारा चुनावी बॉन्ड योजना को रद्द किए जाने के बाद पहले वित्तीय वर्ष में राजनीतिक पार्टियों को मिले चंदे की पूरी तस्वीर सामने आ गई है। चुनाव आयोग को दी गई जानकारी के अनुसार वित्त वर्ष 2024-25 में 9 चुनावी ट्रस्टों ने राजनीतिक दलों को कुल 3,811 करोड़ रुपये का चंदा दिया, जिसमें से सबसे बड़ा हिस्सा केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) को मिला है।
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, कुल चंदे का करीब 82 प्रतिशत (लगभग 3,123 करोड़ रुपये) BJP के खाते में गया है। वहीं, कांग्रेस को केवल 299 करोड़ रुपये, यानी कुल दान का करीब 8 प्रतिशत ही प्राप्त हुआ है। अन्य दलों को शेष राशि मिली है।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, देश में पंजीकृत 19 चुनावी ट्रस्टों में से 13 ट्रस्टों ने अपने दान से जुड़ी जानकारी चुनाव आयोग को दी थी। इनमें से 9 ट्रस्टों ने ही राजनीतिक दलों को चंदा देने की घोषणा की। यह राशि पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 200 प्रतिशत से भी अधिक है। वहीं, जनहित, परिवर्तन, जयहिंद और जयभारत जैसे ट्रस्टों ने 2024-25 में कोई भी योगदान नहीं दिया।
चंदे के मामले में प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट सबसे बड़ा दानदाता रहा, जिसने कुल 2,668 करोड़ रुपये दिए। इसमें से 2,180 करोड़ रुपये BJP को मिले। इस ट्रस्ट को जिंदल स्टील एंड पावर, मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर, भारती एयरटेल, अरबिंदो फार्मा और टोरेंट फार्मास्यूटिकल्स जैसी बड़ी कंपनियों से फंड मिला है।
इसके बाद प्रोग्रेसिव इलेक्टोरल ट्रस्ट ने कुल 914 करोड़ रुपये का योगदान दिया, जिसमें से 757 करोड़ रुपये BJP को प्राप्त हुए। वहीं, न्यू डेमोक्रेटिक इलेक्टोरल ट्रस्ट ने 160 करोड़, हार्मनी ट्रस्ट ने 35 करोड़ और ट्रिअम्फ इलेक्टोरल ट्रस्ट ने 25 करोड़ रुपये का चंदा दिया।
कांग्रेस को मिले चंदे की बात करें तो उसे प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट से 216.33 करोड़ रुपये, AB जनरल इलेक्टोरल ट्रस्ट से 15 करोड़, न्यू डेमोक्रेटिक इलेक्टोरल ट्रस्ट से 5 करोड़ और जन कल्याण इलेक्टोरल ट्रस्ट से 9.5 लाख रुपये मिले। इसके अलावा, पी. चिदंबरम द्वारा 3 करोड़ रुपये का व्यक्तिगत योगदान भी दिया गया। हालांकि, ट्रस्टों के जरिए मिला यह चंदा 2023-24 में चुनावी बॉन्ड से मिले 828 करोड़ रुपये की तुलना में काफी कम है। 9 में से 5 चुनावी ट्रस्टों ने कांग्रेस को कोई राशि नहीं दी।
टाटा समूह भी इस दौरान बड़े दानदाताओं में शामिल रहा। टाटा समूह के प्रोग्रेसिव इलेक्टोरल ट्रस्ट ने 10 राजनीतिक दलों को कुल 914 करोड़ रुपये दिए। इसमें से 757 करोड़ रुपये (83 प्रतिशत) BJP को मिले, जबकि कांग्रेस को 77.3 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। तृणमूल कांग्रेस, YSR कांग्रेस, शिवसेना, बीजू जनता दल, BRS, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), JDU और DMK को 10-10 करोड़ रुपये दिए गए। यह राशि टाटा समूह की 15 कंपनियों के माध्यम से आई, जिनमें टाटा संस, TCS और टाटा स्टील प्रमुख हैं।
गौरतलब है कि चुनावी ट्रस्ट ऐसी पंजीकृत संस्थाएं होती हैं, जिनके जरिए कॉरपोरेट कंपनियां पारदर्शी तरीके से राजनीतिक दलों को चंदा देती हैं। कंपनियां सीधे दलों को दान नहीं देतीं, इसलिए चुनावी ट्रस्ट को माध्यम के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।

