इंडिया बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के शुरू होने से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रैक्टिस सेशन के दौरान एक गेंद पंत की कमर के ऊपर पसलियों में जा लगी, जिसके बाद वह काफी दर्द में नजर आए।
कोच गौतम गंभीर और सपोर्ट स्टाफ तुरंत उनकी मदद के लिए पहुंचे और बाद में पंत को मैदान से बाहर ले जाया गया। हालांकि, बीसीसीआई की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि पंत की चोट गंभीर है और वह न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
कौन होगा ऋषभ पंत का रिप्लेसमेंट?
भारतीय वनडे टीम में केएल राहुल पहले से ही मुख्य विकेटकीपर हैं और ऋषभ पंत को बैकअप विकल्प के तौर पर स्क्वॉड में शामिल किया गया था। पंत ने अपना आखिरी वनडे मैच साल 2024 में खेला था। इसके बाद वह चैंपियंस ट्रॉफी 2025 टीम का हिस्सा तो रहे, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला।
अगर ऋषभ पंत आधिकारिक रूप से वनडे सीरीज से बाहर होते हैं, तो ईशान किशन और संजू सैमसन की बजाय ध्रुव जुरेल को रिप्लेसमेंट के तौर पर मौका मिल सकता है।
ध्रुव जुरेल को क्यों मिल सकता है मौका?
टीम मैनेजमेंट आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 को देखते हुए ईशान किशन और संजू सैमसन को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहेगा, क्योंकि दोनों खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड का अहम हिस्सा हैं। वहीं, ध्रुव जुरेल इस समय शानदार फॉर्म में हैं और घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बना रहे हैं।
ध्रुव जुरेल का शानदार रिकॉर्ड
ध्रुव जुरेल भारत के लिए टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू कर चुके हैं, लेकिन अभी तक उन्हें वनडे खेलने का मौका नहीं मिला है।
- लिस्ट-ए मैच: 17
- कुल रन: 747
- औसत: 74.70
- शतक: 2
- सर्वश्रेष्ठ स्कोर: 160* रन
विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में भी जुरेल का बल्ला जमकर बोला है, जहां वह 558 रन बनाकर तीसरे स्थान पर हैं।
ईशान किशन और संजू सैमसन की स्थिति
ईशान किशन ने हाल ही में दमदार घरेलू प्रदर्शन के बाद भारतीय टी20 टीम में वापसी की है। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड को चैंपियन बनाया और टूर्नामेंट में 57.44 की औसत व 197.32 के स्ट्राइक रेट से 517 रन बनाए।
वहीं, संजू सैमसन का वनडे रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 16 वनडे मैचों में 56.66 की औसत से 510 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। हालांकि, टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए सैमसन की प्राथमिकता फिलहाल सीमित ओवरों का सबसे छोटा प्रारूप है।
टीम इंडिया के लिए बड़ी चिंता
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले ऋषभ पंत का चोटिल होना टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय है। अब सभी की नजरें बीसीसीआई के आधिकारिक अपडेट और पंत के रिप्लेसमेंट के ऐलान पर टिकी हैं।

