गड़चिरोली में नक्सल विरोधी ऑपरेशन को बड़ी सफलता, 3 नक्सली ढेर; एक C60 जवान शहीद

Thecity news
2 Min Read

महाराष्ट्र के गड़चिरोली जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत C60 कमांडो को बड़ी सफलता मिली है। अबुझमाड़ नक्सल विरोधी ऑपरेशन के दौरान आज सुबह (6 फरवरी) सुरक्षाबलों ने इलाके से दो नक्सलियों के शव बरामद किए। इस ऑपरेशन में अब तक कुल तीन नक्सलियों के शव मिल चुके हैं।

मुठभेड़ स्थल से एक AK-47 राइफल और एक SLR भी बरामद की गई है। इसके साथ ही C60 जवानों ने नक्सलियों के कैंप को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। गड़चिरोली पुलिस के अनुसार, मारे गए नक्सलियों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।

नक्सली कैंप ध्वस्त, दो दिन से चल रहा था ऑपरेशन

अबुझमाड़ क्षेत्र में यह नक्सल विरोधी अभियान पिछले दो दिनों से जारी था। गड़चिरोली-नारायणपुर सीमा पर स्थित फोदेवाड़ा जंग परिसर में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद 3 फरवरी की रात से जिला पुलिस दल और C60 कमांडो ने ऑपरेशन शुरू किया था।

बुधवार को पुलिस और माओवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, जिसके बाद नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गए थे।

मुठभेड़ में C60 जवान शहीद

इस अभियान के दौरान C60 कमांडो दीपक चिन्ना मडावी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें आज सुबह अबुझमाड़ के घने जंगल से एयरलिफ्ट कर उप-जिला अस्पताल भामरागढ़ लाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। दीपक मडावी की शहादत से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है।

एक अन्य जवान घायल, खतरे से बाहर

मुठभेड़ के दौरान एक अन्य C60 जवान जोगा मडावी को भी गोली लगी थी। गड़चिरोली पुलिस ने बताया कि घायल जवान का इलाज जारी है और वे खतरे से बाहर हैं।

सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी निगरानी

सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और आसपास के जंगलों में अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है। पुलिस का कहना है कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share This Article