अभिजीत दीपके भारत में ही हैं, जल्द लौट सकते हैं घर; अमेरिका लौटने की अटकलों पर विराम

Thecity news
3 Min Read

जंतर-मंतर आंदोलन का नेतृत्व करने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अमेरिका लौटने की अटकलों के बीच उनकी मां अनीता दीपके ने बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने बताया कि अभिजीत फिलहाल भारत में ही हैं और अगले चार से पांच दिनों में घर लौट सकते हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आंदोलन समाप्त होने के बाद अभिजीत दीपके घर लौटने वाले थे, लेकिन टायफाइड होने के कारण उन्हें अपनी यात्रा टालनी पड़ी। उनकी मां अनीता दीपके ने बताया कि अब उन्हें जानकारी मिली है कि अभिजीत को घर लौटने में अभी चार से पांच दिन और लगेंगे।

दिल्ली में चल रहा है इलाज

25 जुलाई को अभिजीत दीपके ने एक वीडियो संदेश जारी कर बताया था कि वह टायफाइड से पीड़ित हैं। इसके बाद कॉकरोच जनता पार्टी के आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर उनकी इलाज के दौरान की तस्वीर भी साझा की गई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका इलाज फिलहाल दिल्ली में चल रहा है।

मंगलवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि यदि छात्रों को पुलिस की ओर से परेशान किया जाता रहा, तो कॉकरोच जनता पार्टी शांतिपूर्ण तरीके से बड़ा आंदोलन करेगी।

मंत्री ने की सुरक्षा देने की मांग

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने अभिजीत दीपके को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने छत्रपति संभाजीनगर में दीपके के परिवार से मुलाकात के बाद कहा कि अभिजीत के महाराष्ट्र लौटने पर उन्हें सुरक्षा दी जानी चाहिए।

शिरसाट ने कहा कि वह इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात करेंगे। उन्होंने बताया कि वह दीपके के परिवार को पिछले 25 वर्षों से जानते हैं और अभिजीत के स्वास्थ्य की भी जानकारी ली है।

अमेरिका लौटने की अटकलों पर स्थिति स्पष्ट

हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल होने के बाद यह दावा किया जा रहा था कि अभिजीत दीपके अमेरिका लौट गए हैं। हालांकि, अब तक कॉकरोच जनता पार्टी या स्वयं अभिजीत दीपके की ओर से ऐसी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। उनकी मां के बयान से फिलहाल यह स्पष्ट हुआ है कि वह भारत में ही हैं और स्वास्थ्य लाभ लेने के बाद घर लौट सकते हैं।

Share This Article