रोहित पवार का दावा: NEET UG री-एग्जाम का पेपर भी हुआ था लीक, जांच की उठाई मांग

Thecity news
2 Min Read

देशभर में पेपर लीक को लेकर जारी विवाद के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा का प्रश्नपत्र भी परीक्षा से तीन दिन पहले लीक हो गया था। रोहित पवार ने सोशल मीडिया पर कुछ दस्तावेज और ईमेल साझा करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

रोहित पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दावा किया कि 21 जून 2026 को आयोजित NEET UG री-एग्जाम का प्रश्नपत्र परीक्षा से तीन दिन पहले गुजरात में लीक हो गया था। उन्होंने अपने दावों के समर्थन में कुछ दस्तावेज और एक ईमेल थ्रेड भी साझा किया है।

उन्होंने जांच एजेंसियों और केंद्रीय एजेंसियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कथित पेपर लीक नेटवर्क के मास्टरमाइंड का पता लगाने की मांग की। साथ ही कहा कि जांच किसी भी राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर की जानी चाहिए।

21 जून को हुई थी पुनर्परीक्षा

NEET UG परीक्षा का आयोजन 3 मई 2026 को हुआ था, लेकिन पेपर लीक की शिकायतों के बाद 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई। इसके बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 21 जून 2026 को दोबारा परीक्षा आयोजित कराई।

अब पुनर्परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने के दावे ने परीक्षा प्रक्रिया को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी पेपर लीक विवाद और छात्रों के आंदोलन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दिया था।

पहले भी MPSC परीक्षा पर लगाए थे आरोप

इससे पहले रोहित पवार ने महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में भी कथित घोटाले का आरोप लगाया था। उनका दावा था कि ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा का प्रश्नपत्र ₹12 लाख में बेचने की डील हुई थी, जिसमें ₹5 लाख अग्रिम और ₹7 लाख बाद में दिए जाने थे।

इन आरोपों के बाद एमपीएससी ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी थी।

Share This Article