दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने E20 पेट्रोल के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित ‘नेशनल टाउन हॉल अगेंस्ट E20’ कार्यक्रम में उन्होंने केंद्र सरकार की E20 नीति पर सवाल उठाए। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से वाहनों का माइलेज घट रहा है और कई पुर्जों को नुकसान पहुंच रहा है।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एक मोटर मैकेनिक को मंच पर बुलाकर E20 पेट्रोल से होने वाली कथित समस्याओं के बारे में जानकारी भी दिलाई।
मैकेनिक ने पुराने वाहनों में दिक्कतों का किया दावा
कार्यक्रम में मौजूद मैकेनिक अमीर खान, जो उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के भलस्वा डेरी क्षेत्र में पिछले 12–13 वर्षों से दोपहिया वाहनों की मरम्मत का काम कर रहे हैं, ने दावा किया कि E20 पेट्रोल का सबसे अधिक असर BS-III और BS-IV श्रेणी के पुराने वाहनों पर पड़ रहा है।
उन्होंने कार्ब्यूरेटर का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि वाहन लंबे समय तक खड़ा रहता है तो उसमें बचा हुआ इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल नमी सोखकर अवशेष जमा कर सकता है, जिससे कार्ब्यूरेटर प्रभावित होता है और वाहन स्टार्ट होने या चलने में परेशानी आ सकती है।
BS6 वाहनों को लेकर भी किया दावा
अमीर खान ने यह भी दावा किया कि E20 कम्प्लायंट BS6 वाहनों में भी कुछ मामलों में पिक-अप और माइलेज में कमी तथा फ्यूल पंप के फिल्टर के जल्दी चोक होने जैसी समस्याएं देखने को मिल रही हैं। उनके अनुसार इससे वाहनों की सर्विस और रखरखाव का खर्च बढ़ सकता है।
हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र वैज्ञानिक पुष्टि कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत नहीं की गई।
संसद में सरकार ने क्या कहा?
हाल के दिनों में कई वाहन मालिकों ने E20 पेट्रोल के इस्तेमाल के बाद माइलेज कम होने और रखरखाव लागत बढ़ने की शिकायतें उठाई हैं।
सरकार ने संसद में बताया है कि E20 पेट्रोल के उपयोग से कुछ परिस्थितियों में ईंधन दक्षता (माइलेज) में लगभग 2 से 6 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है। साथ ही सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि 2005 से 2016 के बीच निर्मित कुछ BS-III श्रेणी के वाहनों में रबर पाइप, सील और गैस्केट जैसे कुछ पुर्जों पर E20 का प्रभाव पड़ सकता है, यदि वे E20 के अनुरूप डिज़ाइन नहीं किए गए हैं।
E20 को लेकर जारी है बहस
एक ओर सरकार का कहना है कि E20 मिश्रित पेट्रोल से कच्चे तेल पर निर्भरता कम होगी, किसानों को लाभ मिलेगा और प्रदूषण घटाने में मदद मिलेगी। वहीं दूसरी ओर विपक्ष और कुछ वाहन उपयोगकर्ता पुराने वाहनों पर इसके प्रभाव, माइलेज में कमी और रखरखाव लागत को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
E20 को लेकर यह बहस अब राजनीतिक और तकनीकी दोनों स्तरों पर तेज होती दिखाई दे रही है।

