भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की मुंडन कराए हुए सिर वाली एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। यह तस्वीर आंध्र प्रदेश के तिरुमला स्थित भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर की है, जहां हार्दिक दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। मंदिर की परंपरा के अनुसार उन्होंने बाल दान (मुंडन) भी कराया।
गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा के साथ की पूजा
तिरुमला मंदिर में हार्दिक पंड्या के साथ उनकी कथित गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा भी मौजूद थीं। दोनों ने सुबह आयोजित होने वाली प्रसिद्ध सुप्रभातम सेवा में भाग लिया और भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान दोनों सफेद पारंपरिक परिधान में नजर आए।
तिरुमला में बाल दान का क्या है महत्व?
तिरुमला मंदिर में बाल दान की परंपरा सदियों पुरानी मानी जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान वेंकटेश्वर के चरणों में बाल अर्पित करना अहंकार का त्याग, कृतज्ञता व्यक्त करने और मनोकामना पूरी होने का प्रतीक माना जाता है। हालांकि, हार्दिक पंड्या ने किस विशेष मनोकामना के तहत बाल दान किया, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
चोट से उबर रहे हैं हार्दिक पंड्या
हार्दिक पंड्या पिछले कुछ समय से पीठ की समस्या और जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। इसी वजह से वह हाल ही में समाप्त हुए आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे का हिस्सा नहीं बन सके थे।
हालांकि, अब उनकी फिटनेस को लेकर सकारात्मक खबरें सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि हार्दिक रिकवरी के अंतिम चरण में हैं और बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपना रिटर्न-टू-प्ले प्रोटोकॉल भी पूरा कर चुके हैं। उम्मीद है कि वह जल्द ही टीम इंडिया के लिए व्हाइट बॉल क्रिकेट में वापसी करते नजर आएंगे।

