असम में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 68 हो गई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार, पांच जिलों में 5.24 लाख से अधिक लोग अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं, जबकि राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।
असम में लगातार बारिश और बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। आधिकारिक बुलेटिन के मुताबिक, चराईदेव, गोलाघाट, जोरहाट, नागांव और शिवसागर जिले सबसे अधिक प्रभावित हैं। पिछले 24 घंटों में चराईदेव जिले में बाढ़ के पानी में डूबने से दो लोगों की मौत हुई, जिसके बाद राज्य में बाढ़ से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 68 हो गई है।
सबसे ज्यादा प्रभावित चराईदेव और शिवसागर
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार, चराईदेव में करीब 1.90 लाख, शिवसागर में 1.50 लाख से अधिक और जोरहाट में लगभग 1.40 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।
हालांकि, शनिवार की तुलना में स्थिति में कुछ सुधार दर्ज किया गया है। इससे पहले छह जिलों में करीब 6.55 लाख लोग बाढ़ की चपेट में थे।
354 राहत शिविरों में हजारों लोग शरण लिए हुए
प्रशासन प्रभावित लोगों की मदद के लिए लगातार राहत कार्य चला रहा है। चार जिलों में 354 राहत शिविर और राहत वितरण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां 37,724 विस्थापित लोगों को आश्रय दिया गया है।
763 गांव जलमग्न, हजारों हेक्टेयर फसल बर्बाद
बाढ़ का असर राज्य के 763 गांवों तक पहुंच चुका है। ASDMA के अनुसार, 48,742.09 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि को नुकसान हुआ है। इसके अलावा कई जिलों में तटबंध, सड़कें, पुल और अन्य सार्वजनिक ढांचों को भी भारी क्षति पहुंची है।
नुमालीगढ़ क्षेत्र में धनसिरी नदी अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे आसपास के इलाकों में खतरा बना हुआ है।
88 हजार से अधिक पशुधन प्रभावित
बाढ़ का असर केवल लोगों पर ही नहीं बल्कि पशुधन पर भी पड़ा है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पूरे राज्य में 88,240 से अधिक पालतू पशु और मुर्गियां बाढ़ से प्रभावित हुई हैं।
सेना, NDRF और वायुसेना राहत कार्य में जुटी
ऊपरी असम के कई इलाकों में भारतीय सेना, NDRF, SDRF, फायर एंड इमरजेंसी सर्विस और पुलिस संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, भारतीय वायुसेना अब तक 29 उड़ानें भर चुकी है और फंसे हुए लोगों तक 4,100 से अधिक राहत पैकेज एयरड्रॉप किए जा चुके हैं।
राहत कार्यों में 250 NDRF कर्मी, 36 NDRF नौकाएं, 65 SDRF एवं फायर सर्विस की नौकाएं, तीन भारतीय सेना की नावें तथा 82 स्थानीय नावें तैनात की गई हैं, जिनकी मदद से प्रभावित क्षेत्रों में लोगों तक सहायता पहुंचाई जा रही है।

