मुंबई सेंट्रल, नागपाड़ा और ताड़देव को जोड़ने वाला नया फ्लाईओवर 15 महीने में तैयार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस करेंगे उद्घाटन
मुंबई: दक्षिण मुंबई के व्यस्त इलाकों को जोड़ने वाला ऐतिहासिक बेलासिस फ्लाईओवर गुरुवार से मुंबईकरों की सेवा में समर्पित हो जाएगा। इस नवनिर्मित पुल का नाम बदलकर ‘पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर’ रखा गया है। मुख्यमंत्री Devendra Fadnavis वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इसका लोकार्पण करेंगे।
उद्घाटन समारोह में कई दिग्गज रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री Eknath Shinde, सुनेत्रा पवार, मंत्री आशीष शेलार, मंगलप्रभात लोढ़ा, महापौर रितु तावड़े और मनपा आयुक्त भूषण गगराणी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
130 साल पुराने ब्रिटिशकालीन ब्रिज की जगह बना नया फ्लाईओवर
मुंबई सेंट्रल स्टेशन के पास रेलवे लाइन पर बना 130 वर्ष पुराना बेलासिस ब्रिज जर्जर और खतरनाक घोषित किया गया था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसे ध्वस्त कर नए फ्लाईओवर के निर्माण का निर्णय लिया गया।
सितंबर 2024 में वर्क ऑर्डर जारी हुआ और 1 अक्टूबर 2024 से निर्माण कार्य शुरू किया गया।
15 महीने 6 दिन में पूरा हुआ प्रोजेक्ट
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को 15 महीने और 6 दिनों के रिकॉर्ड समय में पूरा किया। घनी आबादी वाले दक्षिण मुंबई क्षेत्र में यातायात को सुचारू करने के लिए यह फ्लाईओवर बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नया फ्लाईओवर शुरू होने से मुंबई सेंट्रल, नागपाड़ा और ताड़देव के बीच आवागमन आसान होगा। इससे रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम में कमी आने और यात्रा समय घटने की उम्मीद है।

