दिल्ली-हावड़ा रेल रूट को मिलेगी नई रफ्तार, बिहार में 976 करोड़ रुपये की नई रेल लाइन परियोजना को मंजूरी

Thecity news
3 Min Read

भारतीय रेलवे ने देश के सबसे व्यस्त रेल मार्गों में शामिल दिल्ली-हावड़ा कॉरिडोर पर ट्रेनों के संचालन को और अधिक सुगम बनाने के लिए बिहार में 976 करोड़ रुपये की नई रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के तहत दानापुर से फतुहा के बीच लगभग 29 किलोमीटर लंबी अतिरिक्त रेल लाइन बिछाई जाएगी, जिससे यात्री और मालगाड़ियों दोनों के संचालन में उल्लेखनीय सुधार होगा।

यह परियोजना पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत आने वाले पटना रेल कॉरिडोर का महत्वपूर्ण हिस्सा है और दिल्ली-दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन-पटना-किउल-भागलपुर-खाना-हावड़ा मार्ग के चौड़ीकरण अभियान को गति देगी।

तीन चरणों में होगा निर्माण

रेल मंत्रालय के अनुसार, परियोजना को तीन हिस्सों में पूरा किया जाएगा।

  • दानापुर से पटना के बीच तीसरी और चौथी रेल लाइन बिछाई जाएगी।
  • राजेंद्र नगर से पटना साहिब तक एक अतिरिक्त रेल लाइन का निर्माण होगा।
  • पटना साहिब से फतुहा के बीच तीसरी और चौथी रेल लाइन विकसित की जाएगी।

इस विस्तार से ट्रेनों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित होगी और भीड़भाड़ में कमी आएगी।

40 अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का लक्ष्य

रेलवे का अनुमान है कि परियोजना पूरी होने के बाद पहले ही वर्ष में इस मार्ग पर 22 अतिरिक्त यात्री ट्रेनें और प्रतिदिन 18 अतिरिक्त मालगाड़ियां संचालित की जा सकेंगी। इससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और माल परिवहन भी अधिक तेज एवं सुगम होगा।

माल ढुलाई क्षमता में होगा बड़ा इजाफा

यह परियोजना भारतीय रेलवे के ऊर्जा, खनिज और सीमेंट कॉरिडोर का हिस्सा है। इसके पूरा होने के बाद इस मार्ग पर प्रति वर्ष लगभग 52 लाख टन अतिरिक्त माल की ढुलाई संभव होगी। इससे औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क भी मजबूत होगा।

जम्मू-कश्मीर में यात्रियों के लिए चलाई गईं विशेष ट्रेनें

उधर, लगातार बारिश के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने से घाटी में बड़ी संख्या में यात्री फंस गए थे। ऐसे में उत्तर रेलवे ने शनिवार को तीन विशेष ट्रेनें चलाकर करीब 2,200 यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया।

लगभग 250 किलोमीटर लंबा जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग कश्मीर घाटी को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला प्रमुख बारहमासी मार्ग है। भारी बारिश के कारण उधमपुर जिले में सड़क को नुकसान पहुंचने के बाद मरम्मत कार्य के लिए शुक्रवार तड़के इस मार्ग पर यातायात रोक दिया गया था।

Share This Article