मुंबई में ठोस कचरा प्रबंधन को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अश्विनी भिड़े के नेतृत्व में बीएमसी ने देवनार डंपिंग ग्राउंड पर वेस्ट टू एनर्जी परियोजना का काम तेज कर दिया है। इस परियोजना का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। बुधवार को बीएमसी आयुक्त ने परियोजना स्थल का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की।
प्रतिदिन 600 मीट्रिक टन कचरे से बनेगी 8 मेगावाट बिजली
बीएमसी की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत प्रतिदिन लगभग 600 मीट्रिक टन नगर ठोस कचरे पर वैज्ञानिक प्रक्रिया की जाएगी। इस प्रक्रिया से करीब 8 मेगावाट तक बिजली उत्पादन किया जाएगा। फिलहाल परियोजना के निर्माण और मशीनों की स्थापना का कार्य तेजी से जारी है।
देवनार डंपिंग ग्राउंड पर बायो-माइनिंग कार्य भी जारी
बीएमसी ने देवनार डंपिंग ग्राउंड पर चल रहे बायो-माइनिंग कार्यों की भी समीक्षा की। वर्ष 1927 से संचालित यह डंपिंग ग्राउंड लगभग 120 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है। यहां वर्तमान में रोजाना करीब 600 मीट्रिक टन नगर ठोस कचरा लाया जाता है।
इसके अलावा यहां लगभग 185 लाख मीट्रिक टन पुराना कचरा जमा है। इस पुराने कचरे को वैज्ञानिक तरीके से अलग कर मिट्टी और पुनर्चक्रण योग्य सामग्री निकाली जा रही है। बीएमसी का कहना है कि बायो-माइनिंग से डंपिंग ग्राउंड पर कचरे का दबाव कम होगा और पर्यावरण प्रदूषण में भी कमी आएगी।
कन्नमवार नगर में सफाई कर्मचारियों से संवाद
बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े ने विक्रोली पूर्व स्थित कन्नमवार नगर सफाई कर्मचारियों की चौकी का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी उपस्थिति, काम के घंटे, उपलब्ध संसाधनों और सुविधाओं की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुंबई की सड़कों, चौकों और आसपास के क्षेत्रों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही जहां नियमित रूप से कचरा जमा होता है, उन स्थानों की पहचान कर स्थायी समाधान तैयार करने और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

