15,903 विद्यार्थियों में से 14,644 हुए पास, 66 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक किए हासिल
मुंबई महानगरपालिका (BMC) के माध्यमिक विद्यालयों ने एसएससी बोर्ड परीक्षा 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर अपनी गुणवत्ता साबित की है। महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित मार्च 2026 के परीक्षा परिणाम में बीएमसी स्कूलों का कुल रिजल्ट 92.08 प्रतिशत दर्ज किया गया है।
इस वर्ष बीएमसी के 77 विद्यालयों ने 100 प्रतिशत परिणाम हासिल कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। मनपा के कुल 246 माध्यमिक विद्यालयों से 15,903 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 14,644 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए।
66 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए
बीएमसी शिक्षा विभाग के अनुसार इस वर्ष 66 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालयों का नाम रोशन किया।
जी दक्षिण विभाग स्थित सीताराम मिल कंपाउंड माध्यमिक विद्यालय के छात्र स्वयं शेखर गोरेगांवकर ने 97.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर बीएमसी स्कूलों में पहला स्थान हासिल किया।
वहीं के पश्चिम विभाग के डी एन नगर मुंबई पब्लिक स्कूल की छात्रा अशिया जाकीर सय्यद ने 96.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा प्रभादेवी मुंबई पब्लिक स्कूल के दीपक अरुण तिवारी और गोखले रोड मुंबई पब्लिक स्कूल की जिनल हरेश सुमेसरा ने 95.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।
‘मिशन मेरिट’ योजना से विद्यार्थियों को मिला लाभ
बीएमसी शिक्षा विभाग ने बताया कि विद्यार्थियों की बेहतर तैयारी के लिए ‘मिशन मेरिट’ अभ्यास पुस्तिकाएं तैयार की गई थीं। इसके तहत छात्रों से नियमित अभ्यास करवाने के लिए 10 मॉडल प्रश्नपत्र हल करवाए गए।
साथ ही अधिकारियों ने विद्यालयों को दत्तक लेकर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन भी प्रदान किया। विभाग का मानना है कि इसी रणनीति का सकारात्मक असर परीक्षा परिणामों में देखने को मिला।
चार वर्षों में लगातार सुधरे बीएमसी स्कूलों के परिणाम
बीएमसी स्कूलों के परीक्षा परिणामों में पिछले चार वर्षों से लगातार सुधार दर्ज किया जा रहा है।
- वर्ष 2023 में परिणाम 84.77 प्रतिशत रहा
- वर्ष 2024 में रिजल्ट बढ़कर 91.56 प्रतिशत हुआ
- वर्ष 2025 में 92.92 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया
- वर्ष 2026 में कुल परिणाम 92.08 प्रतिशत रहा
मुंबई की महापौर रितु तावड़े समेत मनपा के वरिष्ठ अधिकारियों ने सफल विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
श्री दयानंद ग्रुप ऑफ स्कूल्स का भी 100 प्रतिशत परिणाम
एसएससी बोर्ड परीक्षा 2026 में श्री दयानंद ग्रुप ऑफ स्कूल्स ने भी शानदार सफलता हासिल करते हुए सभी विद्यालयों में 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम दर्ज किया।
आर्य समाज माटुंगा द्वारा संचालित श्री दयानंद बालक विद्यालय, श्री दयानंद बालिका विद्यालय, दयानंद विद्यालय चारकोप कांदिवली और ग्लोबल विजडम एस.डी. स्कूल (इंग्लिश मीडियम) के सभी विद्यार्थियों ने परीक्षा में सफलता प्राप्त की।
संस्था ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों की निष्ठा और अभिभावकों के विश्वास को दिया। संस्था की अध्यक्षा सुमिता सुमन सिंह ने सभी सफल विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

