रेल कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में मध्य रेलवे ने एक बड़ा कदम उठाया है। मध्य रेलवे के भायखला स्टेशन के पास नवनिर्मित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भवन का लोकार्पण महाप्रबंधक (जीएम) प्रतीक गोस्वामी ने किया।
मध्य रेलवे द्वारा संचालित डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर मेमोरियल अस्पताल को नए सिरे से जी+6 सुपर स्पेशियलिटी इमारत में विकसित किया गया है, जिससे रेलवे स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिली है।
🏥 अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस अस्पताल
नवनिर्मित जी+6 सुपर स्पेशियलिटी भवन में आधुनिक और उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अस्पताल में—
- 11-बिस्तरों की अत्याधुनिक कैजुअल्टी एवं आपातकालीन सेवाएं
- 8 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर
- 12 आधुनिक डायलिसिस मशीनें
- 24-बिस्तरों का आईसीयू
- 10-बिस्तरों का एचडीयू (HDU)
- पुरुष मेडिकल वार्ड
- समर्पित सेंट्रल स्टेराइल सर्विसेज़ डिपार्टमेंट (CSSD)
की व्यवस्था की गई है।
👨⚕️ रेल स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बल
जीएम प्रतीक गोस्वामी ने बताया कि इन सुविधाओं के माध्यम से रेलवे स्वास्थ्य प्रणाली के अंतर्गत सुरक्षित, समयबद्ध और आत्मनिर्भर चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने की अस्पताल की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसका सीधा लाभ कार्यरत और सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिवारजनों को मिलेगा।
👥 वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर मध्य रेल की प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. ममता शर्मा और चिकित्सा निदेशक डॉ. सजीव एन. के. ने सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भवन में उपलब्ध उन्नत चिकित्सा सेवाओं की जानकारी साझा की। समारोह में जीएम प्रतीक गोस्वामी के साथ मध्य रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

