US Open 2026: एलेना रायबाकिना ने पहली बार जीता यूएस ओपन, फाइनल में सबालेंका को 6-4, 5-7, 6-2 से हराया

Thecity news
3 Min Read

कजाकिस्तान की दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी एलेना रायबाकिना ने यूएस ओपन 2026 महिला एकल का खिताब अपने नाम कर लिया है। रायबाकिना ने फाइनल में दुनिया की नंबर-2 खिलाड़ी बेलारूस की एरिना सबालेंका को 6-4, 5-7, 6-2 से हराकर पहली बार यूएस ओपन ट्रॉफी जीती। यह उनके करियर का तीसरा ग्रैंड स्लैम खिताब है।

अपना पहला यूएस ओपन फाइनल खेल रहीं रायबाकिना ने 2 घंटे 21 मिनट तक चले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। चारों ग्रैंड स्लैम खिताब पूरे करने के लिए अब उन्हें सिर्फ फ्रेंच ओपन का खिताब जीतना बाकी है।

पहले सेट में रायबाकिना ने बनाया दबाव

रायबाकिना ने मैच की शुरुआत से ही अपनी तेज सर्विस और सटीक शॉट्स के दम पर सबालेंका पर दबाव बनाए रखा। उन्होंने 44 मिनट में पहला सेट 6-4 से अपने नाम किया।

इसके बाद सबालेंका ने शानदार वापसी की और दूसरा सेट 7-5 से जीतकर मुकाबले को निर्णायक सेट तक पहुंचा दिया।

निर्णायक सेट में रायबाकिना का दबदबा

तीसरे सेट की शुरुआत में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। सबालेंका ने शुरुआती गेम में कई ब्रेक पॉइंट बचाए, लेकिन रायबाकिना ने जल्द ही दबाव बढ़ाना शुरू कर दिया।

रायबाकिना ने दो ऐस की मदद से अपना सर्विस गेम जीता और 2-1 की बढ़त हासिल की। इसके बाद उन्होंने एक ब्रेक हासिल कर अपनी बढ़त 4-2 कर ली। इस दौरान सबालेंका की कुछ गलतियों का भी रायबाकिना को फायदा मिला।

5-2 की बढ़त के बाद रायबाकिना ने मैच को ज्यादा लंबा नहीं खिंचने दिया। दो डबल फॉल्ट के बावजूद वह शांत रहीं और शानदार फोरहैंड विनर तथा ऐस की मदद से मैच पॉइंट हासिल किया। इसके बाद उन्होंने तीसरा सेट 6-2 से जीतकर पहली बार यूएस ओपन का खिताब अपने नाम कर लिया।

सबालेंका का लगातार तीसरी बार खिताब जीतने का सपना टूटा

रायबाकिना से हार के साथ एरिना सबालेंका का लगातार तीसरी बार यूएस ओपन महिला एकल खिताब जीतने का सपना टूट गया। खास बात यह भी है कि इसी साल ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में भी रायबाकिना ने सबालेंका को हराया था।

जीत के बाद क्या बोलीं एलेना रायबाकिना?

पहली बार यूएस ओपन खिताब जीतने के बाद ट्रॉफी सेरेमनी के दौरान रायबाकिना ने हैरानी और आभार जाहिर किया। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट में आने से पहले उन्हें ऐसी जीत की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने यह भी बताया कि वह थोड़ी चोट से जूझ रही थीं, लेकिन परिस्थितियां उनके पक्ष में रहीं।

Share This Article