फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के लिए 27 गांवों की 24 हेक्टेयर जमीन का होगा अधिग्रहण, आगरा-लखनऊ और गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा नया मार्ग
उत्तर प्रदेश को जल्द एक और एक्सप्रेसवे की सौगात मिलने जा रही है। इटावा से हरदोई तक फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण प्रस्तावित है। करीब 90 से 92 किलोमीटर लंबे इस लिंक एक्सप्रेसवे के लिए जमीन अधिग्रहण का बचा हुआ काम जल्द पूरा होने की उम्मीद है। इसके लिए 27 गांवों से करीब 24 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाना है।
यह जमीन मैनपुरी जिले की भोगांव और किशनी तहसील के गांवों से ली जाएगी। फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के लिए बाकी जमीन खरीद की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है। अब बची हुई 24 हेक्टेयर जमीन के अधिग्रहण का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा
फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी को और बेहतर करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने इसके निर्माण का प्रस्ताव रखा है।
यह छह लेन का लिंक एक्सप्रेसवे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा। इसके बनने के बाद इटावा से हरदोई का सफर करीब एक घंटे में पूरा करने में मदद मिलेगी।
जमीन अधिग्रहण का काम अक्टूबर में शुरू होने की संभावना है। इसके बाद परियोजना से जुड़े निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जा सकेगा।
27 गांवों की जमीन का होगा अधिग्रहण
भोगांव और किशनी तहसील के 27 गांवों की चिन्हित जमीन में से करीब 92 प्रतिशत की खरीद पूरी हो चुकी है। अब बाकी जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। प्रशासन इस प्रक्रिया को पूरा करने में जुटा है।
किशनी तहसील के 15 और भोगांव तहसील के 12 गांवों की जमीन के अधिग्रहण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। तहसील प्रशासन ने यह प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेज दिया है। इसके बाद आगे की प्रक्रिया यूपीडा की ओर से पूरी की जाएगी।
भोगांव के इन गांवों की जमीन होगी अधिग्रहित
भोगांव तहसील के बहरामऊ, मुड़ई, हाजीपुर बरा, हुसैनपुर, कमालपुर महमूदिया, अकबरपुर बिकू, बहदीनपुर, रामनगरिया, दुर्जनपुर, चनेपुर, छबीलेपुर और घूमसपुर गांवों की जमीन का अधिग्रहण किया जाना है।
किशनी के इन गांवों से ली जाएगी जमीन
किशनी तहसील के सींगपुर, नगला पांडेय, नगला कले, कैथपुर, नगला बले, धमियापुर, टोडरपुर, अहमलपुर, महोली शमशेरगंज, नगला गवे, शिवसिंहपुर, रठेह, तरिहा और ख्वाजापुर गांवों की जमीन भी परियोजना के लिए अधिग्रहित की जानी है।
भविष्य में आठ लेन तक विस्तार की योजना
फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे को शुरुआत में छह लेन का बनाया जाएगा। भविष्य में इसे आठ लेन तक विस्तारित करने की योजना को ध्यान में रखते हुए भी जमीन खरीदी जा रही है।
एक्सप्रेसवे के किनारे सर्विस रोड और अंडरपास बनाए जाने का भी प्रस्ताव है। इससे आसपास के गांवों और किसानों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

