‘फर्जी 2’ में शाहिद कपूर के साथ नजर आएंगी युक्ति थरेजा, निभाएंगी फीमेल लीड; 2027 में रिलीज की तैयारी

Thecity news
3 Min Read

अभिनेत्री ने सीरीज में अपनी एंट्री की पुष्टि करते हुए बताया कि उनके करीब 80 फीसदी हिस्से की शूटिंग पूरी हो चुकी है और ज्यादातर सीन शाहिद कपूर के साथ हैं।

मुंबई, 3 अक्टूबर। शाहिद कपूर की पॉपुलर वेब सीरीज ‘फर्जी’ के दूसरे सीजन को लेकर लंबे समय से इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। अभिनेत्री युक्ति थरेजा ‘फर्जी सीजन 2’ में फीमेल मेन लीड के तौर पर नजर आएंगी। अभिनेत्री ने एक इंटरव्यू में सीरीज का हिस्सा बनने की पुष्टि की है।

निडर जेन-जी महिला का किरदार निभाएंगी युक्ति

युक्ति थरेजा ने बताया कि वह ‘फर्जी 2’ में इकलौती फीमेल मेन लीड हैं। उनके मुताबिक, सीरीज में उनके हिस्से की करीब 80 फीसदी शूटिंग पूरी हो चुकी है। वह एक निडर जेन-जी महिला का किरदार निभा रही हैं, जो सिस्टम के खिलाफ आवाज उठाती है।

अभिनेत्री ने यह भी बताया कि उनके किरदार के ज्यादातर सीन शाहिद कपूर के साथ हैं। हालांकि, मेकर्स ने अभी सीरीज की आधिकारिक रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘फर्जी 2’ को 2027 के मध्य में रिलीज किया जा सकता है।

आगे बढ़ेगी नकली नोटों की कहानी

‘फर्जी’ के पहले सीजन में शाहिद कपूर ने सनी का किरदार निभाया था। सनी नकली नोट बनाने के कारोबार में उतरता है और धीरे-धीरे इस गैरकानूनी दुनिया में फंसता चला जाता है। सीजन के अंत में सनी और उसका दोस्त फिरोज, माइकल वेदनायगम और मंसूर दलाल से बच निकलते हैं।

दूसरे सीजन में कहानी इसी ट्रैक को आगे बढ़ाएगी। सनी और फिरोज जहां अपने काम को जारी रखने की कोशिश करेंगे, वहीं उनके सामने पुराने दुश्मनों से बचने की चुनौती भी होगी। सीरीज का निर्देशन राज और डीके ने किया है।

‘लुट गए’ से मिली थी युक्ति को पहचान

युक्ति थरेजा को इमरान हाशमी के साथ म्यूजिक वीडियो ‘लुट गए’ से खास पहचान मिली थी। जुबिन नौटियाल की आवाज में रिलीज हुए इस गाने को यूट्यूब पर एक अरब से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।

इसके अलावा युक्ति मलयालम एक्शन फिल्म ‘मार्को’, ‘हाई जुनून! ड्रीम. डेयर. डॉमिनेट’ और ‘दिल्ली क्राइम सीजन 3’ में भी नजर आ चुकी हैं। वहीं, शाहिद कपूर हाल ही में तृप्ति डिमरी के साथ फिल्म ‘ओ रोमियो’ में दिखाई दिए थे। अब ‘फर्जी 2’ में शाहिद कपूर और युक्ति थरेजा की नई जोड़ी को देखने के लिए दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।

Share This Article