क्रुणाल पांड्या की कप्तानी वाली टीम ग्रुप स्टेज से बाहर हो गई। इसके बाद बाउल सेमीफाइनल में भी भारत को इंग्लैंड ने 3 रन से हरा दिया।
हॉन्ग-कॉन्ग सिक्सेस टूर्नामेंट 2026 में भारतीय टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। क्रुणाल पांड्या की अगुवाई वाली टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई। शुक्रवार को पाकिस्तान के खिलाफ करारी हार के बाद भारत को उम्मीद थी कि वह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को हराकर वापसी करेगा, लेकिन यूएई ने भी एकतरफा मुकाबले में भारत को शिकस्त दे दी।
इसके बाद बाउल सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भी भारतीय टीम को 3 रन से करीबी हार झेलनी पड़ी। पूरे टूर्नामेंट में भारत की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकीं।
यूएई के खिलाफ नटराजन की पारी भी नहीं आई काम
यूएई के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 6 ओवर में 6 विकेट खोकर 94 रन बनाए।
भारत की ओर से टी. नटराजन ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने महज 14 गेंदों में 38 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। राहुल त्रिपाठी ने भी 7 गेंदों पर 21 रन बनाए।
हालांकि, शशांक सिंह, नीतिश राणा और कप्तान क्रुणाल पांड्या बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।
यूएई ने 26 गेंदों में हासिल किया लक्ष्य
95 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई की टीम ने भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। टीम ने बिना विकेट गंवाए महज 26 गेंद यानी 4.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
यूएई के कप्तान खालिद शाह ने सिर्फ 14 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 3 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 52 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं, सलामी बल्लेबाज अंश टंडन ने 12 गेंदों पर 39 रन बनाए।
पाकिस्तान ने भी भारत को दी थी करारी शिकस्त
इससे पहले शुक्रवार को पाकिस्तान के खिलाफ भी भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था। उस मुकाबले में शशांक सिंह ने 11 गेंदों पर 40 रन की तूफानी पारी खेली थी। उनकी बदौलत भारत ने 6 ओवर में 88 रन बनाए थे।
हालांकि, पाकिस्तान के कप्तान अब्बास अफरीदी ने महज 8 गेंदों पर 35 रन बनाकर मुकाबले का रुख बदल दिया। पाकिस्तान ने यह लक्ष्य सिर्फ 3.5 ओवर यानी 23 गेंदों में हासिल कर लिया।
इंग्लैंड से भी 3 रन से हारा भारत
ग्रुप स्टेज से बाहर होने के बाद भारतीय टीम बाउल सेमीफाइनल में इंग्लैंड के सामने उतरी। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 2 विकेट पर 124 रन बनाए।
इंग्लैंड की ओर से मार्टिन एंडरसन ने 13 गेंदों पर 51 रन की तूफानी पारी खेली। इसमें 3 चौके और 6 छक्के शामिल थे। एड बर्नार्ड ने भी नाबाद 35 रन बनाए।
125 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की ओर से राहुल त्रिपाठी ने 12 गेंदों पर शानदार अर्धशतक जड़ा। हालांकि, उनके रिटायर्ड हर्ट होने के बाद टीम की रफ्तार धीमी पड़ गई। भारत निर्धारित 6 ओवर में 121 रन ही बना सका और 3 रन से मुकाबला हार गया।

