बॉलीवुड अभिनेत्री कियारा आडवाणी को फिल्म ‘टॉक्सिक’ के गाने ‘तबाही’ में अभिनेता यश के साथ इंटीमेट सीन करने पर सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। कुछ लोगों ने शादीशुदा और मां होने के नाते उनके फैसले पर सवाल उठाए हैं। वहीं, इसी तरह के दृश्यों में नजर आने वाले यश को अपेक्षाकृत कम आलोचना झेलनी पड़ी। इस पूरे विवाद पर अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
‘फिल्म खुद आलोचकों को जवाब देगी’
यूट्यूब शो ‘बी अ मैन, यार!’ में बातचीत के दौरान जब होस्ट निखिल तनेजा ने कियारा और यश को मिली अलग-अलग प्रतिक्रियाओं का जिक्र किया, तो हुमा कुरैशी ने कहा कि यह दोहरा रवैया गलत है।
हुमा ने कहा, “यह बहुत गलत और घिनौनी बात है। लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि इस फिल्म से जुड़ी महिलाएं—चाहे एक्ट्रेस हों या डायरेक्टर—आखिर में जीतेंगी। लोगों की सोच सिर्फ बहस से नहीं बदलेगी, इसलिए मैं चाहती हूं कि फिल्म ही अपनी बात कहे।”
‘इंटरनेट की दुनिया अलग है’
हुमा के भाई और अभिनेता साकिब सलीम ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वास्तविक दुनिया और इंटरनेट की दुनिया में काफी अंतर है।
उन्होंने कहा, “कौन हैं ये लोग? मुझे लगता है कि दुनिया बहुत अच्छी जगह है, लेकिन इंटरनेट वैसा नहीं है।”
ट्रोलिंग कियारा से बढ़कर सिद्धार्थ मल्होत्रा तक पहुंची
‘तबाही’ गाना रिलीज होने के बाद कियारा आडवाणी को सोशल मीडिया पर इंटीमेट और सेंसुअल दृश्यों के लिए काफी ट्रोल किया गया। बाद में यह विवाद केवल कियारा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ट्रोलर्स ने उनके पति सिद्धार्थ मल्होत्रा को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया। उनके सोशल मीडिया पोस्ट पर भी इस मामले से जुड़े कई कमेंट किए गए।
ब्रिटिश अभिनेता ने भी किया बचाव
फिल्म ‘टॉक्सिक’ में अभिनय कर रहे ब्रिटिश अभिनेता बेनेडिक्ट गैरेट ने भी कियारा का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अगर यश भी शादीशुदा हैं और उनके बच्चे हैं, तो फिर केवल महिला कलाकार को ही आलोचना का सामना क्यों करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा, “दोनों कलाकार हैं और उनका काम किरदार निभाना है। उन्हें ऐसी कहानियां प्रस्तुत करनी होती हैं जो मानवीय अनुभवों को दर्शाती हैं। ‘तबाही’ पर हुआ विरोध कलाकारों से ज्यादा समाज की सोच को दिखाता है।”
26 अगस्त को रिलीज होगी ‘टॉक्सिक’
निर्देशक गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक: अ फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ एक एक्शन फिल्म है। ‘केजीएफ’ सीरीज के बाद यश की यह बड़े पर्दे पर वापसी है।
फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। यह फिल्म 26 अगस्त को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

