830 करोड़ की लूर्व म्यूजियम डकैती पर बनेगी हॉलीवुड फिल्म, मजदूर बनकर चोरों ने दिनदहाड़े उड़ाए थे शाही गहने

Thecity news
3 Min Read

पेरिस के मशहूर लूर्व म्यूजियम में हुई ऐतिहासिक चोरी की कहानी अब बड़े पर्दे पर मचाएगी धमाल

हॉलीवुड में एक ऐसी फिल्म की तैयारी चल रही है, जिसकी कहानी सुनकर ‘धूम’ जैसी फिल्में भी फीकी लग सकती हैं। पेरिस के ऐतिहासिक लूर्व म्यूजियम में हुई दुनिया की सबसे चर्चित डकैतियों में से एक अब बड़े पर्दे पर दिखाई जाएगी।

करीब 830 करोड़ रुपये के शाही गहनों की इस हैरतअंगेज चोरी ने पिछले साल पूरी दुनिया को चौंका दिया था। सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि चोर बेहद साधारण तरीके से कड़ी सुरक्षा वाले म्यूजियम में घुसे और चोरी करने के बाद आराम से निकल गए।

मजदूर बनकर म्यूजियम में घुसे थे चोर

19 अक्टूबर 2025 को हुई इस वारदात में चोर मजदूरों का भेष बनाकर पेरिस के मशहूर लूर्व म्यूजियम में दाखिल हुए थे। देखते ही देखते उन्होंने करीब 830 करोड़ रुपये से अधिक के शाही जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।

घटना के बाद फ्रांस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे थे। मामले के तूल पकड़ने के बाद म्यूजियम की निदेशक लॉरेंस डेस कार्स को उनके पद से हटा दिया गया था।

हालांकि पुलिस ने इस मामले में मुख्य संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन करोड़ों रुपये के वे शाही गहने अब तक बरामद नहीं हो सके हैं।

फ्रांसीसी निर्देशक रोमेन गवरस बनाएंगे फिल्म

इस सनसनीखेज डकैती पर बनने वाली फिल्म का निर्देशन मशहूर फ्रांसीसी निर्देशक रोमेन गवरस करेंगे। इससे पहले वह 2025 में अन्या टेलर-जॉय अभिनीत हॉलीवुड फिल्म ‘सैक्रिफाइस’ का निर्देशन कर चुके हैं।

फिल्म खोजी किताब ‘मैन बास सुर ले लूर्व’ पर आधारित होगी। इस किताब को फ्रांस के प्रमुख मीडिया संस्थानों ‘ले पेरिसियन’, ‘ले मोंडे’ और ‘पेरिस मैच’ के तीन पत्रकारों ने मिलकर लिखा है।

रिलीज से पहले ही बिक गए फिल्म राइट्स

इस डकैती और उससे जुड़ी किताब को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। हालात ऐसे रहे कि किताब की एक भी कॉपी बिकने से पहले ही इसके फिल्म राइट्स प्रोडक्शन कंपनी ‘इकोनोक्लास्ट’ को बेच दिए गए।

इतना ही नहीं, एक ब्रिटिश निर्माता ने इस ऐतिहासिक चोरी पर डॉक्युमेंट्री सीरीज बनाने के अधिकार भी खरीद लिए हैं।

प्रकाशन संस्था फ्लेमारियन के अनुसार, फिल्म और डॉक्युमेंट्री दोनों से दुनियाभर में बड़ी सफलता की उम्मीद की जा रही है।

दुनिया की सबसे चर्चित डकैतियों में शामिल हुई घटना

लूर्व म्यूजियम डकैती को इतिहास की सबसे अनोखी और साहसिक चोरी में गिना जा रहा है। जिस तरह चोरों ने कड़ी सुरक्षा के बीच दिनदहाड़े इस वारदात को अंजाम दिया, उसने लोगों को हैरान कर दिया।

अब यह पूरी कहानी बड़े पर्दे पर दिखाई जाएगी, जिसे लेकर फिल्म प्रेमियों और क्राइम थ्रिलर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

Share This Article