काबो-वर्डे के पास डच जहाज पर फैला हंतावायरस, WHO ने जारी की निगरानी चेतावनी
अटलांटिक महासागर में काबो-वर्डे के पास मौजूद डच-झंडे वाले जहाज MV Hondius पर फैले हंतावायरस संक्रमण ने अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। जहाज पर मौजूद चालक दल में दो भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जहाज का संचालन करने वाली डच ध्रुवीय यात्रा कंपनी Oceanwide Expeditions ने पुष्टि की है कि जहाज पर कुल 23 देशों के यात्री और चालक दल के सदस्य मौजूद थे।
हालांकि कंपनी ने भारतीय नागरिकों की पहचान, भूमिका या स्वास्थ्य स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
जहाज पर 149 यात्री और कई देशों के चालक दल मौजूद
रिपोर्ट के अनुसार, जहाज पर कुल 149 लोग सवार थे। इनमें ज्यादातर पर्यटक और यात्री ग्रेट ब्रिटेन, अमेरिका, जर्मनी और स्पेन से थे।
वहीं चालक दल में फिलीपींस, यूक्रेन, नीदरलैंड, पोलैंड और भारत के सदस्य शामिल थे। जहाज पर मौजूद भारतीयों की राष्ट्रीयता की पुष्टि हो चुकी है, लेकिन संक्रमण का असर उन पर पड़ा है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
कैसे फैला जहाज पर हंतावायरस?
जानकारी के मुताबिक जहाज 1 अप्रैल को अर्जेंटीना से काबो-वर्डे के लिए रवाना हुआ था। इस दौरान यात्रियों ने अर्जेंटीना, चिली और उरुग्वे की यात्रा की तथा पक्षी अवलोकन कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
इसी यात्रा के दौरान एक डच दंपति कथित रूप से वायरस ले जाने वाली चूहों की प्रजाति के संपर्क में आए।
रिपोर्ट्स के अनुसार:
- 6 अप्रैल को पुरुष यात्री में लक्षण दिखाई दिए
- 11 अप्रैल को जहाज पर उसकी मृत्यु हो गई
- उसकी पत्नी शव के साथ सेंट हेलेना द्वीप पर उतरी
- बाद में 25 अप्रैल को जोहान्सबर्ग में महिला की भी मौत हो गई
WHO ने पुष्टि की- अब तक 5 मामले और 3 मौतें
World Health Organization (WHO) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जहाज पर अब तक 8 संदिग्ध मामले सामने आए हैं, जिनमें 5 मामलों की पुष्टि हो चुकी है और 3 लोगों की मौत हुई है।
2 मई को एक महिला यात्री की मौत की भी पुष्टि हुई, जिसमें 28 अप्रैल को लक्षण दिखाई दिए थे।
संक्रमित यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को फिलहाल आइसोलेशन में रखा गया है। जहाज को विसंक्रमित (डिसइंफेक्ट) किया गया है और अब इसे कैनरी द्वीप समूह की ओर ले जाया जा रहा है।
45 दिन आइसोलेशन जरूरी, WHO बोला- कोरोना जैसी स्थिति नहीं
WHO के मुताबिक यह वायरस कोविड-19 जैसी महामारी की स्थिति पैदा नहीं करेगा। स्वास्थ्य एजेंसी का कहना है कि हंतावायरस मुख्य रूप से संक्रमित कृन्तकों (rodents) के संपर्क से फैलता है और यह लंबे समय तक बेहद नजदीकी संपर्क में रहने पर ही व्यक्ति से व्यक्ति में फैल सकता है।
संक्रमण के खतरे को देखते हुए 45 दिनों के आइसोलेशन की सलाह दी गई है।
कई देशों को यात्रियों की जानकारी भेजी गई
सेंट हेलेना द्वीप पर उतरने वाले 12 देशों के 40 यात्रियों की जानकारी संबंधित देशों को भेज दी गई है। इन लोगों की निगरानी और स्वास्थ्य जांच जारी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक अब तक तीन गंभीर मरीजों को एयर एंबुलेंस के जरिए बाहर निकाला जा चुका है, जबकि बाकी यात्रियों को 11 मई तक जहाज से उतारे जाने की योजना है।

