महाराष्ट्र के नासिक में Tata Consultancy Services (TCS) से जुड़े कथित धर्म परिवर्तन और यौन शोषण मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपियों में शामिल निदा खान को गिरफ्तार कर लिया है। 42 दिनों से फरार चल रही निदा को विशेष जांच टीम (SIT) ने संयुक्त अभियान के बाद छत्रपति संभाजीनगर से पकड़ा।
छत्रपति संभाजीनगर से हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, निदा खान को छत्रपति संभाजीनगर के नारेगांव इलाके स्थित कैसर कॉलोनी के एक फ्लैट से गिरफ्तार किया गया। वह पिछले चार दिनों से अपने माता-पिता, भाई और चाची के साथ वहां रह रही थी। पुलिस ने गिरफ्तारी से पहले दो दिनों तक फ्लैट पर नजर रखी थी।
नासिक पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक और सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) संदीप मिटके ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से पुलिस ने पारगमन रिमांड हासिल की। इसके बाद उसे आगे की पूछताछ के लिए नासिक लाया गया।
अग्रिम जमानत याचिका पहले ही हो चुकी थी खारिज
निदा खान ने पिछले महीने खुद को गर्भवती बताते हुए नासिक अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। हालांकि अदालत ने उसकी याचिका खारिज कर दी थी।
सुनवाई के दौरान पुलिस ने अदालत को बताया था कि मामले में डिजिटल सबूत, गवाहों के बयान और नासिक से बाहर तक जुड़े नेटवर्क की जांच जरूरी है, जिसके लिए आरोपी से हिरासत में पूछताछ आवश्यक है। बचाव पक्ष ने दावा किया था कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह मुंबई में शरण लिए हुए थी।
निदा खान पर क्या हैं आरोप?
SIT के अनुसार, निदा खान पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और यौन शोषण के आरोपियों की मदद करने के आरोप लगे हैं।
जांच एजेंसियों का कहना है कि उसने शिकायतकर्ता को इस्लाम धर्म अपनाने के लिए प्रभावित किया, हिजाब और बुर्का पहनने के लिए प्रेरित किया तथा धार्मिक सामग्री साझा की। साथ ही पीड़ित महिलाओं को आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज न कराने के लिए कथित तौर पर दबाव डाला गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी खुद को HR प्रमुख बताती थी, जबकि वह कंपनी में टेलीकॉलर के पद पर कार्यरत थी।
क्या है पूरा नासिक TCS मामला?
देशभर में चर्चा में आए इस मामले का खुलासा 26 मार्च 2026 को हुआ था। आरोप है कि TCS की नासिक स्थित BPO यूनिट के कुछ कर्मचारियों ने 18 से 25 वर्ष की महिला सहकर्मियों का कथित यौन उत्पीड़न किया और उन्हें जबरन धर्म परिवर्तन के लिए दबाव में लिया।
अब तक इस मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें 7 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। निदा खान भी इसी मामले की प्रमुख आरोपी मानी जा रही है।
मामले की जांच SIT कर रही है, जबकि कंपनी ने सभी आरोपियों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है।

