यूक्रेन युद्ध के दौरान भारतीयों को सुरक्षित निकालने की कहानी पर बनी है फिल्म
देश और देशवासियों से जुड़ी कुछ घटनाएं सिर्फ खबरों तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि इतिहास का हिस्सा बन जाती हैं। ऐसी ही एक घटना अब बड़े पर्दे पर कहानी के रूप में दिखाई जाएगी। मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की फिल्म ‘ऑपरेशन गंगा’ भारत के बड़े रेस्क्यू मिशन पर आधारित है। नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर विष्णु मोहन इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं।
फिल्म का नया पोस्टर सामने आते ही चर्चा में आ गया है। पोस्टर में मोहनलाल के साथ यूक्रेन का प्रसिद्ध ‘मदरलैंड मॉन्यूमेंट’ नजर आ रहा है। यूक्रेन की राजधानी कीव में स्थित यह स्मारक देश के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों में शामिल है और फिल्म की कहानी के साथ इसका खास संबंध है।
पोस्टर में दिखा मदरलैंड मॉन्यूमेंट
कीव में स्थित इस विशाल प्रतिमा को ‘बत्किवश्चिना-माती’ के नाम से भी जाना जाता है। द्नीप्रो नदी के किनारे पहाड़ियों पर खड़ी स्टेनलेस-स्टील की यह विशाल मूर्ति एक महिला की आकृति में बनाई गई है। इसके एक हाथ में तलवार और दूसरे हाथ में ढाल है, जिस पर यूक्रेन का ट्राइडेंट प्रतीक दिखाई देता है।
फिल्म के पोस्टर में इस स्मारक की मौजूदगी कहानी की लोकेशन और घटनाक्रम के बीच सीधा कनेक्शन स्थापित करती है। यही वजह है कि पोस्टर सामने आने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ गई है।
ताकत और सुरक्षा का प्रतीक है मदरलैंड मॉन्यूमेंट
मदरलैंड मॉन्यूमेंट यूक्रेन के लिए केवल एक ऐतिहासिक प्रतिमा नहीं है, बल्कि इसे ताकत, साहस और सुरक्षा के प्रतीक के तौर पर भी देखा जाता है। यह द्वितीय विश्व युद्ध से जुड़े कॉम्प्लेक्स में स्थित यूक्रेन के इतिहास के नेशनल म्यूजियम का हिस्सा है।
फिल्म के पोस्टर में इस स्मारक को प्रमुखता से दिखाना इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि ‘ऑपरेशन गंगा’ की कहानी का सीधा संबंध यूक्रेन से जुड़ी वास्तविक घटना से है।
भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने की कहानी
‘ऑपरेशन गंगा’ रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों और अन्य नागरिकों को सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए चलाए गए रेस्क्यू मिशन से प्रेरित है। फिल्म में उस मुश्किल दौर के दौरान सामने आई चुनौतियों, साहस और जज्बे को दिखाने की कोशिश की जाएगी।
फिल्म में मोहनलाल मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उनके अलावा अर्जुन रामपाल, भाग्यश्री बोर्से, पार्थिबन और आदिल हुसैन भी अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे।

