‘बंटवारा 1947’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में निर्देशक राजकुमार संतोषी ने आमिर खान से जुड़ा दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि आमिर मजाक में कहते हैं कि पहले सनी देओल के लिए स्क्रिप्ट लिखो, फिर उन्हें हटाकर मुझे कास्ट कर लेना।
सनी देओल एक बार फिर बड़े पर्दे पर एक्शन अवतार में वापसी करने जा रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जहां इसका मुकाबला इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ से होगा। फिल्म में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, करण देओल, शबाना आजमी, अभिमन्यु सिंह और अली फजल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
हाल ही में फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया गया, जहां निर्देशक राजकुमार संतोषी ने आमिर खान से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सुनाया।
राजकुमार संतोषी ने सुनाया आमिर खान का मजेदार किस्सा
ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान राजकुमार संतोषी ने सनी देओल और धर्मेंद्र की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि सनी देओल की वजह से ही उन्हें निर्देशक के तौर पर पहचान मिली और इसके लिए वह खुद को हमेशा उनका ऋणी मानते हैं।
संतोषी ने बताया कि लोग अक्सर कहते हैं कि जब भी वह सनी देओल के लिए स्क्रिप्ट या डायलॉग लिखते हैं, तो उनका काम बेहतरीन होता है। इसी का जिक्र करते हुए उन्होंने आमिर खान की कही एक मजेदार बात साझा की।
उन्होंने कहा, “आमिर खान आज भी मुझसे कहते हैं कि तुम सनी देओल के लिए बहुत अच्छा लिखते हो। पहले सनी देओल के लिए स्क्रिप्ट लिखो, फिर उन्हें फिल्म से निकालकर मुझे कास्ट कर लेना। तभी अच्छी फिल्म बनेगी।”
सनी देओल और संतोषी की हिट जोड़ी
राजकुमार संतोषी और सनी देओल की जोड़ी ने पहले भी कई सुपरहिट फिल्में दी हैं। दोनों ने पहली बार 1990 में ‘घायल’ में साथ काम किया, जिसने बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल की। इसके बाद ‘दामिनी’ (1993) और ‘घातक’ (1996) जैसी फिल्मों ने भी दर्शकों का दिल जीता। अब दोनों चौथी बार ‘बंटवारा 1947’ में साथ काम कर रहे हैं।
आमिर खान हैं फिल्म के निर्माता
‘बंटवारा 1947’ का निर्माण आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले किया जा रहा है। फिल्म को लेकर ऐसी चर्चाएं भी हैं कि आमिर खान इसमें कैमियो करते नजर आ सकते हैं। हालांकि, निर्माताओं की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में माना जा रहा है कि यह दर्शकों के लिए सरप्राइज हो सकता है।

