भारत और आयरलैंड के बीच 26 जून से शुरू होने वाली टी20 सीरीज में टीम इंडिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन के पास एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का सुनहरा अवसर होगा। दो मैचों की इस सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए वह भारत-आयरलैंड टी20 मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं। इसके लिए उन्हें पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ना होगा।
भारत-आयरलैंड टी20 सीरीज में रोहित शर्मा हैं नंबर-1
भारत और आयरलैंड के बीच अब तक खेले गए टी20 मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम दर्ज है। रोहित ने चार मैचों में 201 रन बनाए हैं, जिसमें तीन अर्धशतक भी शामिल हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद रोहित अब इस फॉर्मेट में टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं, जिससे उनका रिकॉर्ड टूटने की संभावना बढ़ गई है।
संजू सैमसन और हैरी टेक्टर के बीच रिकॉर्ड की रेस
मौजूदा समय में दोनों टीमों के खिलाड़ियों में आयरलैंड के हैरी टेक्टर और भारत के संजू सैमसन ऐसे बल्लेबाज हैं, जो रोहित शर्मा के रिकॉर्ड को चुनौती दे सकते हैं। हालांकि आंकड़ों पर नजर डालें तो सैमसन का पलड़ा भारी दिखाई देता है।
हैरी टेक्टर ने भारत के खिलाफ पांच टी20 मैचों की पांच पारियों में 123 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 30.75 और स्ट्राइक रेट 123 का रहा है। वहीं संजू सैमसन ने आयरलैंड के खिलाफ केवल तीन टी20 मैचों में 118 रन बनाए हैं। उनका औसत 59.00 और स्ट्राइक रेट 171.01 का रहा है, जो टेक्टर से कहीं बेहतर है।
क्यों सैमसन के पास है बेहतर मौका?
संजू सैमसन को रोहित शर्मा के 201 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए 84 रनों की जरूरत है। चूंकि भारत को इस दौरे पर दो टी20 मैच खेलने हैं और सैमसन का आयरलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार रहा है, ऐसे में उनके पास इस उपलब्धि को हासिल करने का मजबूत मौका है।
अगर सैमसन दोनों मैचों में अपनी लय बरकरार रखते हैं तो वह न सिर्फ रोहित शर्मा को पीछे छोड़ सकते हैं, बल्कि भारत-आयरलैंड टी20 इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाज भी बन सकते हैं।
मौजूदा भारतीय टीम में सबसे आगे हैं सैमसन
आयरलैंड दौरे पर गई भारतीय टीम में संजू सैमसन इकलौते खिलाड़ी हैं, जिन्होंने भारत-आयरलैंड टी20 मुकाबलों में 100 से ज्यादा रन बनाए हैं। उनके बाद ईशान किशन का नाम आता है, जिन्होंने इस प्रतिद्वंद्विता में अब तक दो मैचों में 29 रन बनाए हैं।
ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब संजू सैमसन पर टिकी होंगी, जो आगामी टी20 सीरीज में एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।

