पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन का DPL में फिर धमाका, 23 गेंदों पर ठोके 45 रन; 6 छक्कों से मचाई तबाही

Thecity news
3 Min Read

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के कप्तान सार्थक रंजन ने अरुण जेटली स्टेडियम में खेली तूफानी पारी, लेकिन आयुष बदोनी के 90 रन के दम पर साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने 4 विकेट से जीता मुकाबला

दिल्ली प्रीमियर लीग यानी डीपीएल 2026 में सांसद पप्पू यादव यानी राजेश रंजन के बेटे सार्थक रंजन का बल्ले से शानदार प्रदर्शन जारी है। बुधवार यानी 19 अगस्त को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सार्थक ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से खूब सुर्खियां बटोरीं।

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के कप्तान सार्थक रंजन ने महज 23 गेंदों पर 45 रन की धमाकेदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 1 चौका और 6 छक्के लगाए। उनकी पारी का स्ट्राइक रेट 195.65 रहा।

सार्थक के अलावा नॉर्थ दिल्ली के यश डबास ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 38 गेंदों पर 78 रन बनाए। वहीं अंत में अर्जुन रपरिया ने 11 गेंदों पर 27 रन की तेज पारी खेली। इन तीनों बल्लेबाजों के दम पर नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 207 रन बनाए।

फिर आया आयुष बदोनी का तूफान

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के बड़े स्कोर के जवाब में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के कप्तान आयुष बदोनी ने तूफानी बल्लेबाजी की। उन्होंने महज 47 गेंदों में 90 रन की शानदार पारी खेली। अपनी पारी में बदोनी ने 4 चौके और 8 छक्के लगाए।

आयुष बदोनी के अलावा साउथ दिल्ली की ओर से सनत सांगवान ने 9 गेंदों पर 21 रन और तेजस्वी सिंह ने 19 गेंदों पर 28 रन बनाए। इन पारियों की बदौलत साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने 19.3 ओवर में 6 विकेट खोकर 208 रन बनाए और मुकाबला 4 विकेट से अपने नाम कर लिया।

अंक तालिका में तीसरे नंबर पर साउथ दिल्ली

इस जीत के साथ साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स की टीम 9 मैचों में 5 जीत, 3 हार और 1 बेनतीजे मुकाबले के साथ अंक तालिका में तीसरे नंबर पर पहुंच गई है।

वहीं नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की टीम के 9 मैचों में 3 जीत, 5 हार और 1 बेनतीजा मैच है। टीम 8 टीमों वाली अंक तालिका में फिलहाल छठे नंबर पर है।

डीपीएल 2026 के टॉप स्कोरर हैं सार्थक रंजन

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स भले ही अंक तालिका में निचले पायदान पर हो, लेकिन सार्थक रंजन का व्यक्तिगत प्रदर्शन शानदार रहा है। आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा रह चुके सार्थक डीपीएल 2026 में लगातार बड़ी पारियां खेल रहे हैं।

29 साल के सार्थक इस समय डीपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 8 मैचों की 8 पारियों में 473 रन बनाए हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 59.13 का है। बुधवार को 45 रन की पारी के दौरान 6 छक्के लगाकर उन्होंने एक बार फिर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का दम दिखाया।

Share This Article