मुंबई की ऐतिहासिक पहचान माने जाने वाले दादर स्थित शिवाजी पार्क परिसर में प्रस्तावित सौंदर्यीकरण और रोशनी कार्य शुरू होने से पहले स्थानीय निवासियों का विरोध सामने आया है। रविवार को बड़ी संख्या में नागरिकों ने मौन आंदोलन कर पार्क में फैली लाल मिट्टी और उससे होने वाले धूल प्रदूषण के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
लाल मिट्टी से बढ़ा प्रदूषण, स्वास्थ्य पर असर
करीब 28 एकड़ में फैला शिवाजी पार्क न केवल क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों, खासकर सचिन तेंदुलकर की कर्मभूमि रहा है, बल्कि कई ऐतिहासिक राजनीतिक आंदोलनों का भी साक्षी रहा है। लेकिन बीते कुछ वर्षों से यहां रहने वाले नागरिक लाल मिट्टी से होने वाले धूल प्रदूषण से परेशान हैं।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक, वर्ष 2021 में बीएमसी की सौंदर्यीकरण योजना के तहत मैदान में बड़ी मात्रा में लाल मिट्टी डाली गई थी। हवा चलने पर यह मिट्टी उड़कर आसपास के रिहायशी इलाकों में फैल जाती है, जिससे बुजुर्गों और बच्चों में सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
बीएमसी और आईआईटी बॉम्बे की भूमिका
समस्या के समाधान के लिए बीएमसी ने कुछ महीने पहले आईआईटी बॉम्बे को मिट्टी की जांच का जिम्मा सौंपा था और मैदान में घास लगाने की योजना भी बनाई गई थी। हालांकि, अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से नाराज होकर शिवाजी महाराज पार्क रेजिडेंट्स एएलएम के सदस्यों समेत करीब 60 नागरिकों ने मौन प्रदर्शन किया।
नागरिकों ने एक शिकायत पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसे आगामी सप्ताह में मनपा आयुक्त भूषण गगराणी को सौंपा जाएगा। जी नॉर्थ वार्ड के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, आईआईटी बॉम्बे द्वारा मिट्टी की जांच अभी जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
सौंदर्यीकरण और लाइटिंग प्रोजेक्ट
उधर, नवंबर 2025 में आमंत्रित निविदा के तहत शिवाजी पार्क के चारों ओर सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था का कार्य किया जाना है। करीब 2.25 करोड़ रुपये की लागत से होने वाला यह प्रोजेक्ट अगले सप्ताह शुरू होने की संभावना है। हालांकि, स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब तक लाल मिट्टी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक सौंदर्यीकरण कार्य शुरू नहीं किया जाना चाहिए।

