IPL 2026 ट्रॉफी जीतने के बाद टीम होटल में जमकर थिरके विराट-अनुष्का, क्रुणाल पंड्या के भांगड़ा ने भी लूटी महफिल
आईपीएल 2026 का खिताब जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का जश्न पूरे शबाब पर नजर आया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने वाली आरसीबी के खिलाड़ियों ने टीम होटल पहुंचकर जीत का जोरदार उत्सव मनाया। इस जश्न का सबसे चर्चित वीडियो विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा का रहा, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
आरसीबी द्वारा साझा किए गए वीडियो में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा टीम होटल के अंदर डांस फ्लोर पर मस्ती भरे अंदाज में डांस करते नजर आ रहे हैं। दोनों की खुशी साफ दिखाई दे रही थी। लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने के बाद यह जश्न फैंस के बीच भी खूब पसंद किया जा रहा है।
डांस फ्लोर पर छाए विराट और अनुष्का
वीडियो में विराट और अनुष्का संगीत की धुन पर झूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। आरसीबी के खिताब जीतने की खुशी में दोनों ने खुलकर जश्न मनाया। इस दौरान अनुष्का शर्मा खिलाड़ियों और टीम के जश्न के वीडियो भी रिकॉर्ड करती नजर आईं।
फैंस सोशल मीडिया पर इस वीडियो को खूब शेयर कर रहे हैं और विराट-अनुष्का की जोड़ी की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे आईपीएल 2026 के सबसे यादगार सेलिब्रेशन मोमेंट्स में से एक बताया है।
होटल पहुंचते ही ढोल की थाप पर थिरके खिलाड़ी
आरसीबी की टीम जब ट्रॉफी के साथ होटल पहुंची तो खिलाड़ियों का भव्य स्वागत ढोल-नगाड़ों के साथ किया गया। स्वागत के दौरान खिलाड़ी खुद को जश्न मनाने से रोक नहीं पाए और ढोल की थाप पर जमकर नाचते दिखाई दिए।
विराट कोहली भी इस दौरान पूरी तरह उत्साह में नजर आए और टीम के साथ जीत का जश्न मनाते दिखे। आरसीबी ने होटल पहुंचने के बाद के इन खास पलों के वीडियो भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर साझा किए हैं।
क्रुणाल पंड्या के भांगड़ा ने लूटी महफिल
जश्न की शुरुआत ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या ने की। ट्रॉफी हाथ में लेकर उन्होंने जोरदार भांगड़ा किया। इसके बाद विराट कोहली भी उनके साथ शामिल हो गए और दोनों खिलाड़ियों ने ढोल की थाप पर शानदार डांस किया।
क्रुणाल और विराट का यह सेलिब्रेशन वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस दोनों खिलाड़ियों के उत्साह और टीम भावना की जमकर सराहना कर रहे हैं।
विराट कोहली ने फाइनल में खेली मैच जिताऊ पारी
आईपीएल 2026 के फाइनल में आरसीबी की जीत के हीरो विराट कोहली रहे। 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने नाबाद 75 रन की शानदार पारी खेली। विराट ने 42 गेंदों का सामना करते हुए 9 चौके और 3 छक्के लगाए और टीम को जीत दिलाकर ही मैदान से लौटे।
पूरे सीजन में भी विराट कोहली का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने 16 मैचों में 675 रन बनाए, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल रहे। वह आईपीएल 2026 में आरसीबी के सबसे सफल बल्लेबाज साबित हुए।
क्रुणाल पंड्या का ऑलराउंड प्रदर्शन भी रहा अहम
आरसीबी की खिताबी जीत में क्रुणाल पंड्या की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण रही। उन्होंने पूरे सीजन में 16 मैच खेलते हुए 226 रन बनाए और गेंदबाजी में 14 विकेट हासिल किए।
यह क्रुणाल पंड्या का आरसीबी के साथ दूसरा आईपीएल खिताब और ओवरऑल पांचवां आईपीएल खिताब है। बल्ले और गेंद दोनों से उनके योगदान ने आरसीबी को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।

