बिहार पुलिस SI भर्ती 2026: 150 सब-इंस्पेक्टर पदों पर आवेदन 9 जुलाई से शुरू, ग्रेजुएट युवाओं के लिए सुनहरा मौका

Thecity news
4 Min Read

बिहार पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (SI) बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने गृह विभाग (आरक्षी शाखा) के तहत जनरल क्लोज्ड कैडर में पुलिस सब-इंस्पेक्टर के 150 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इच्छुक उम्मीदवार 9 जुलाई 2026 से 9 अगस्त 2026 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को लेवल-6 के तहत वेतनमान मिलेगा।

150 पदों पर होगी भर्ती

इस भर्ती अभियान के तहत कुल 150 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें अनारक्षित वर्ग के लिए 60, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 15, अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) के लिए 27, अनुसूचित जाति (SC) के लिए 24, पिछड़ा वर्ग (BC) के लिए 18, पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिए 4 और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 2 पद आरक्षित हैं। बिहार की मूल निवासी महिलाओं को प्रत्येक वर्ग में 35 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ मिलेगा।

आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 9 जुलाई 2026 से शुरू होगी और आवेदन की अंतिम तिथि 9 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन केवल BPSSC की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।

आवेदन शुल्क और योग्यता

सभी वर्गों के पुरुष एवं महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये रखा गया है।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का भारतीय नागरिक होना अनिवार्य है। साथ ही 1 अगस्त 2025 तक किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक या समकक्ष डिग्री प्राप्त होना जरूरी है।

आयु सीमा

1 अगस्त 2025 के अनुसार सामान्य वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों की आयु 20 से 37 वर्ष होनी चाहिए। सामान्य महिला, पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित है, जबकि SC/ST वर्ग के उम्मीदवार 42 वर्ष तक आवेदन कर सकते हैं।

शारीरिक मानदंड

सामान्य एवं पिछड़ा वर्ग के पुरुषों के लिए न्यूनतम लंबाई 165 सेंटीमीटर तथा EBC, SC और ST पुरुषों के लिए 160 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है। महिलाओं के लिए न्यूनतम लंबाई 155 सेंटीमीटर और न्यूनतम वजन 48 किलोग्राम अनिवार्य है। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित सीने का माप भी नोटिफिकेशन के अनुसार पूरा करना होगा।

चयन प्रक्रिया

चयन प्रक्रिया में प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) शामिल होगी।

प्रारंभिक परीक्षा 200 अंकों की होगी, जिसमें 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी और इसमें अंग्रेजी, हिंदी, सामान्य ज्ञान, तर्कशक्ति तथा समसामयिक विषयों से प्रश्न आएंगे। 30 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवार असफल माने जाएंगे।

मुख्य परीक्षा दो चरणों में आयोजित होगी। पहले पेपर में सामान्य अध्ययन, गणित, रीजनिंग, हिंदी, अंग्रेजी और बिहार सामान्य ज्ञान से प्रश्न पूछे जाएंगे, जबकि दूसरे पेपर में हिंदी एवं अंग्रेजी निबंध, अंग्रेजी संक्षेपण और अनुवाद से संबंधित प्रश्न होंगे। दोनों पेपर में न्यूनतम 30 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य होगा।

मुख्य परीक्षा के आधार पर तीन गुना उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए बुलाया जाएगा। PET केवल क्वालिफाइंग होगी और इसके लिए कोई अंक नहीं दिए जाएंगे।

ऐसे करें आवेदन

उम्मीदवार BPSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर “Bihar Police” सेक्शन के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान वैध मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, पासपोर्ट साइज फोटो और हिंदी व अंग्रेजी में हस्ताक्षर अपलोड करना अनिवार्य होगा। आवेदन पत्र जमा करने के बाद उसका प्रिंटआउट भविष्य के लिए सुरक्षित रखना चाहिए।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *