प्रशांत नील की एक्शन फिल्म को लेकर चल रही देरी की अटकलों पर मेकर्स ने विराम लगा दिया है। फिल्म 11 जून 2027 को दुनियाभर में रिलीज होगी।
मुंबई, 4 अक्टूबर। जूनियर एनटीआर और ‘केजीएफ’ फेम निर्देशक प्रशांत नील की मच अवेटेड एक्शन फिल्म ‘ड्रैगन’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। जूनियर एनटीआर की चोट और सर्जरी के बाद फिल्म की रिलीज टलने की अटकलें लगाई जा रही थीं। अब मेकर्स ने साफ कर दिया है कि फिल्म तय तारीख पर ही सिनेमाघरों में पहुंचेगी। प्रोडक्शन हाउस मैत्री मूवी मेकर्स ने ‘ड्रैगन’ की रिलीज डेट 11 जून 2027 कन्फर्म की है।
रिलीज टलने की अफवाहों पर लगा ब्रेक
फिल्म के निर्माता वाई. रवि शंकर येल्लामंचिली ने एक कार्यक्रम में रिलीज में देरी की खबरों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि ‘ड्रैगन’ पहले से तय तारीख पर ही रिलीज होगी। फिल्म पहले 25 जून 2026 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में इसकी तारीख बदलकर 11 जून 2027 कर दी गई थी।
जूनियर एनटीआर की गैरमौजूदगी में जारी है शूटिंग
जूनियर एनटीआर के कंधे की चोट और सर्जरी के बाद उन्हें आराम की सलाह दी गई थी। इस वजह से फिल्म के शेड्यूल को लेकर सवाल उठ रहे थे। हालांकि, प्रशांत नील ने ऐसे हिस्सों की शूटिंग जारी रखी है, जिनमें जूनियर एनटीआर की जरूरत नहीं है। ये सीन्स पहले से तय शूटिंग शेड्यूल का हिस्सा थे।
अभिनेता के सेट पर लौटने के बाद उनके बाकी हिस्सों की शूटिंग पूरी की जाएगी। मेकर्स की योजना साल के अंत तक शूटिंग पूरी करने की है, ताकि फिल्म के एडिटिंग और बड़े स्तर के पोस्ट-प्रोडक्शन काम के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
रुक्मिणी वसंत और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में
‘ड्रैगन’ में जूनियर एनटीआर के साथ रुक्मिणी वसंत फीमेल लीड के तौर पर नजर आएंगी। फिल्म से वह तेलुगु सिनेमा में डेब्यू कर रही हैं। अनिल कपूर भी फिल्म का हिस्सा हैं और वह नारकोटिक्स ब्यूरो के चीफ रघुवीर राठौड़ की भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म का निर्देशन प्रशांत नील कर रहे हैं और इसका निर्माण मैत्री मूवी मेकर्स, एनटीआर आर्ट्स और टी-सीरीज से जुड़े बैनर्स के तहत किया जा रहा है। फिल्म की पहली झलक में जूनियर एनटीआर के किरदार को एक खतरनाक हत्यारे के रूप में पेश किया गया था।

