अखिलेश यादव का सीट शेयरिंग पर बड़ा संदेश, बोले- ‘बात सीट की नहीं, जीत की है’

Thecity news
3 Min Read

यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर खींचतान के बीच अखिलेश यादव ने गठबंधन की सामूहिक जीत को प्राथमिकता देने की बात कही है।

लखनऊ, 4 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर खींचतान के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने सीटों की संख्या पर जोर देने के बजाय गठबंधन की जीत को प्राथमिकता देने की बात कही है। अखिलेश ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “बात सीट की नहीं जीत की है।”

‘कितनी सीटें किसके पास जाएंगी, यह बड़ी बात नहीं’

अखिलेश यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मकसद जब साफ हो तो हाथ-में-हाथ होता है, निगाह मंजिल पर हो तो सफर आसान होता है।” इसके बाद उन्होंने सीट शेयरिंग को लेकर चल रही चर्चाओं पर कहा कि गठबंधन में कितनी सीटें या कौन सी सीट किसके पास जाती है, इससे ज्यादा महत्वपूर्ण यह सुनिश्चित करना है कि जीत गठबंधन की हो।

उन्होंने अपनी बात दोहराते हुए लिखा, “फिर दोहराते हैं: बात सीट की नहीं जीत की है।”

सपा-कांग्रेस के बीच सीटों पर बढ़ी खींचतान

अखिलेश का यह बयान ऐसे समय आया है जब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर मतभेद सामने आ रहे हैं। कांग्रेस की ओर से 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग की बात सामने आई है, जबकि सपा के भीतर इस दावे को लेकर असहमति के स्वर सुनाई दिए हैं। सपा सांसद शिवपाल सिंह पटेल ने भी कांग्रेस की 150 सीटों की कथित मांग पर सवाल उठाए थे।

कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने कहा है कि सीट शेयरिंग पर फैसला गठबंधन और दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व की ओर से किया जाएगा। वहीं, अखिलेश यादव ने भी पार्टी नेताओं से सीट बंटवारे से जुड़े सुझाव और आपत्तियां पार्टी के भीतर रखने को कहा है।

गठबंधन की जीत को लेकर क्या बोले अखिलेश

अखिलेश यादव ने गठबंधन की संभावित जीत को उसके अलग-अलग घटक दलों से आगे की सामूहिक लड़ाई से जोड़ा। उन्होंने कहा कि संयुक्त प्रयास का मकसद सांप्रदायिकता के खिलाफ लड़ना, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करना तथा आरक्षण को सुरक्षित रखना है।

सपा प्रमुख ने देश में सौहार्द मजबूत करने और विकास व खुशहाली को आगे बढ़ाने की बात भी कही। उन्होंने अपने संदेश का अंत “जय संविधान-जय हिंदुस्तान!” के साथ किया।

Share This Article