रणबीर कपूर की फिल्म में कैकयी के शाही अंदाज और मंथरा के रहस्यमयी रूप की चर्चा, मेकर्स ने दोनों किरदारों के महत्व को भी किया उजागर।
मुंबई, 10 अक्टूबर। रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। राजा दशरथ के रूप में अरुण गोविल का पहला लुक जारी करने के बाद अब मेकर्स ने कैकयी और मंथरा के पोस्टर भी सामने रखे हैं। फिल्म में कैकयी की भूमिका लारा दत्ता और मंथरा का किरदार शीबा चड्ढा निभा रही हैं। राम के जीवन की दिशा बदलने में इन दोनों किरदारों की अहम भूमिका रही है।
कैकयी के शाही रूप में लारा दत्ता
जारी पोस्टर में लारा दत्ता पारंपरिक परिधान और आभूषणों के साथ शाही अंदाज में दिखाई दे रही हैं। उनके चेहरे के भावों में गुस्सा और दृढ़ता नजर आती है। वहीं, शीबा चड्ढा मंथरा के रूप में गंभीर और रहस्यमयी दिखाई दे रही हैं। उनके हाथ में छड़ी है और झुकी हुई कमर उनके किरदार के रूप को खास बनाती है।
मेकर्स ने बताया दोनों किरदारों का महत्व
कैकयी के पोस्टर के साथ मेकर्स ने उन्हें एक रानी और मां के रूप में पेश करते हुए बताया कि उनकी दो इच्छाएं राजा दशरथ के प्रेम और राम के भाग्य को हमेशा के लिए बदल देंगी। मंथरा के पोस्टर के साथ उसे ऐसे चतुर दिमाग के रूप में दर्शाया गया है, जिसकी फुसफुसाहट एक मां के प्रेम को राज्य के सबसे कठिन दौर में बदल देती है।
पोस्टर सामने आने के बाद दर्शक सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों ने कैकयी के रूप में लारा दत्ता के हाव-भाव की तारीफ की और इस भूमिका के लिए उनके चयन को सही बताया।
दो भागों में रिलीज होगी ‘रामायण’
निर्देशक नितेश तिवारी की इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। अरुण गोविल राजा दशरथ, काजल अग्रवाल मंदोदरी, मोहित रैना भगवान शिव और इंदिरा कृष्णन रानी कौशल्या का किरदार निभाएंगी।
दो भागों में बन रही ‘रामायण’ का पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 पर रिलीज करने की योजना है। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा, प्राइम फोकस स्टूडियोज और यश के मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के बैनर तले कर रहे हैं।

