प्रोबेशनरी ऑफिसर के 343 और बैंकिंग एसोसिएट के 1054 पदों पर होगी नियुक्ति, चयन के लिए आईबीपीएस ऑनलाइन परीक्षा आयोजित करेगा।
जम्मू-कश्मीर बैंक लिमिटेड ने प्रोबेशनरी ऑफिसर (पीओ) और बैंकिंग एसोसिएट के कुल 1397 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 7 नवंबर 2026 से शुरू हो गई है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 26 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती अभियान के तहत पीओ के 343 और बैंकिंग एसोसिएट के 1054 पद भरे जाएंगे। भर्ती परीक्षा का आयोजन इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सिलेक्शन (आईबीपीएस) की ओर से ऑनलाइन किया जाएगा।
किस पद के लिए कितनी वैकेंसी?
जम्मू-कश्मीर बैंक ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लिए अलग-अलग पद निर्धारित किए हैं।
| पद का नाम | जम्मू-कश्मीर | लद्दाख | कुल पद |
|---|---|---|---|
| प्रोबेशनरी ऑफिसर | 323 | 20 | 343 |
| बैंकिंग एसोसिएट | 1033 | 21 | 1054 |
| कुल | 1356 | 41 | 1397 |
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
दोनों पदों के लिए उम्मीदवारों का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन पास होना जरूरी है। उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी।
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए संबंधित केंद्र शासित प्रदेश यानी जम्मू-कश्मीर या लद्दाख का निवासी होना अनिवार्य है। उम्मीदवार केवल अपने मूल निवास क्षेत्र के लिए निर्धारित पदों पर ही आवेदन कर सकेंगे।
आरक्षित वर्ग को आयु सीमा में छूट
नियमानुसार एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष, एएलसी/आईबी वर्ग को 3 वर्ष और दिव्यांग (पीडब्ल्यूबीडी) उम्मीदवारों को 10 वर्ष की छूट दी जाएगी।
इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर बैंक के ऐसे पूर्व अप्रेंटिस उम्मीदवार, जिन्होंने अपनी ट्रेनिंग पूरी कर ली है, उन्हें आयु सीमा में एक साल की अतिरिक्त छूट मिलेगी। साथ ही, बैंकिंग एसोसिएट परीक्षा में अधिकतम अंकों के 2.5 प्रतिशत के बराबर अतिरिक्त अंक भी दिए जाएंगे।
कितना देना होगा आवेदन शुल्क?
सामान्य, ईडब्ल्यूएस और अन्य उम्मीदवारों को पीओ पद के लिए 1200 रुपये और बैंकिंग एसोसिएट के लिए 800 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। इसके अलावा जीएसटी भी लागू होगा।
वहीं, एससी, एसटी, एसईबीसी और पीडब्ल्यूबीडी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए पीओ का आवेदन शुल्क 1000 रुपये और बैंकिंग एसोसिएट का शुल्क 600 रुपये निर्धारित किया गया है। इन शुल्कों पर भी जीएसटी देना होगा। पूर्व सैनिकों को बैंकिंग एसोसिएट पद के लिए कम शुल्क की सुविधा दी गई है।
ऐसे करें आवेदन
- सबसे पहले जम्मू-कश्मीर बैंक की आधिकारिक वेबसाइट jkb.bank.in पर जाएं।
- होमपेज पर करियर सेक्शन में जाएं।
- अपनी पोस्ट और डोमिसाइल के अनुसार संबंधित भर्ती नोटिफिकेशन चुनें।
- आईबीपीएस के आवेदन पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करें।
- आवेदन फॉर्म में नाम, पता, शैक्षणिक योग्यता और कैटेगरी से जुड़ी जानकारी भरें।
- निर्धारित प्रारूप में फोटो, हस्ताक्षर, बाएं हाथ के अंगूठे का निशान और हस्तलिखित घोषणा अपलोड करें।
- अपनी कैटेगरी के अनुसार ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करें।
- फॉर्म में भरी गई सभी जानकारियां जांचने के बाद उसे सबमिट कर दें।
- भविष्य के लिए आवेदन फॉर्म का प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
आवेदन का डायरेक्ट लिंक: https://ibpsreg.ibps.in/jkbvpocto26/
कैसे होगा उम्मीदवारों का चयन?
बैंकिंग एसोसिएट: इस पद के लिए उम्मीदवारों को 100 अंकों की ऑनलाइन परीक्षा देनी होगी। परीक्षा की अवधि 60 मिनट होगी। इसमें इंग्लिश, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और रीजनिंग से सवाल पूछे जाएंगे। ऑनलाइन परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा।
प्रोबेशनरी ऑफिसर (पीओ): इस पद के लिए चयन प्रक्रिया तीन चरणों में होगी। सबसे पहले 100 अंकों की प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें सफल उम्मीदवारों को 200 अंकों की वस्तुनिष्ठ और 25 अंकों की वर्णनात्मक मुख्य परीक्षा देनी होगी। मुख्य परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।
प्रारंभिक परीक्षा के बाद रिक्त पदों की संख्या से 10 गुना उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। वहीं, मुख्य परीक्षा के बाद पदों की संख्या से तीन गुना उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए चुना जाएगा।
कितनी मिलेगी सैलरी?
चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार शुरुआती बेसिक वेतन दिया जाएगा।
- प्रोबेशनरी ऑफिसर: 48,480 रुपये प्रतिमाह।
- बैंकिंग एसोसिएट: 24,050 रुपये प्रतिमाह।
इसके अलावा, चयनित उम्मीदवारों को आवंटित जोन में कम से कम 5 साल तक सेवा देनी होगी। पीओ पद के उम्मीदवारों को दो साल के लिए 2 लाख रुपये का सर्विस बॉन्ड और बैंकिंग एसोसिएट उम्मीदवारों को छह महीने के लिए 1 लाख रुपये का बॉन्ड जमा करना होगा।

