12 साल की बच्ची से रेप और हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर

Thecity news
4 Min Read

चार दिनों से फरार दिलीप रॉय को उत्तर दिनाजपुर में पुलिस ने घेरा था, पुलिस के मुताबिक फायरिंग के बाद जवाबी कार्यवाही में उसे गोली लगी।

पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में 12 साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी दिलीप रॉय की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह रायगंज के गौरी ग्राम पंचायत इलाके में उसे घेरने के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया।

दिलीप रॉय को रायगंज गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस पिछले चार दिनों से उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी।

3 नवंबर को लापता हुई थी बच्ची

पुलिस के अनुसार, 12 साल की बच्ची 3 नवंबर की दोपहर साइकिल से घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार ने उसकी तलाश की और बाद में पुलिस से संपर्क किया।

इसके बाद रायगंज के अब्दुलघाटा स्थित कुलिक जंगल में बच्ची का शव मिला। पुलिस को शव बिना कपड़ों के और खराब हालत में मिला था। परिवार ने आरोप लगाया था कि बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई।

इस मामले में 4 नवंबर को रायगंज पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया था। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट की धाराएं लगाई गई थीं। जांच के दौरान दिलीप रॉय मुख्य संदिग्ध के रूप में सामने आया।

पुलिस का दावा- आरोपी ने पहले चलाई गोली

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोमवार सुबह सूचना मिली थी कि दिलीप रॉय गौरी ग्राम पंचायत इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां घेराबंदी कर ऑपरेशन चलाया।

पुलिस का दावा है कि टीम की मौजूदगी का पता चलते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। उसकी चलाई एक गोली पुलिस की गाड़ी के टायर में भी लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दिलीप रॉय को गोली लगी।

पुलिस सूत्रों का यह भी कहना है कि आरोपी बिहार सीमा के रास्ते राज्य से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद सोमवार तड़के टीम ने उसे तलाश कर घेर लिया था।

पश्चिम बंगाल में चौथा पुलिस एनकाउंटर

रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में भाजपा के सत्ता में आने के बाद यह चौथा पुलिस एनकाउंटर बताया जा रहा है।

इससे पहले जुलाई में दक्षिण 24 परगना के बरुईपुर में 11 साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस मुठभेड़ में मौत हुई थी। पुलिस का कहना था कि क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए ले जाते समय उसने पुलिसकर्मियों से हथियार छीनकर फायरिंग की थी, जिसके बाद आत्मरक्षा में गोली चलाई गई।

27 अक्टूबर को उत्तर 24 परगना के गायघाटा में कक्षा 11 की छात्रा का शव मिलने के मामले में गिरफ्तार प्रह्लाद दास की भी पुलिस फायरिंग में मौत हुई थी। पुलिस के अनुसार, क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान उसने भागने की कोशिश की थी।

इसी दिन मुर्शिदाबाद के समशेरगंज में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के मामले में गिरफ्तार समाउल हक की भी पुलिस मुठभेड़ में मौत हुई थी।

Share This Article