दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में आगजनी की कई घटनाएं सामने आईं, दमकल की टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
देशभर में रविवार को दिवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने मिठाइयां बांटकर और आतिशबाजी कर खुशियां मनाईं, लेकिन कई जगहों पर पटाखों की वजह से आग लगने की घटनाएं भी सामने आईं। दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश तक फैक्ट्री, दुकान, मकान, गोदाम और रिहायशी इमारतें आग की चपेट में आ गईं। कई जगह दमकल की टीमों को आग बुझाने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी। राहत की बात यह रही कि खबर में बताई गई इन घटनाओं में किसी की जान नहीं गई।
दिल्ली में फैक्ट्री, दुकान और गोदाम में आग
दिल्ली के नजफगढ़ इलाके के नांगली सकरावती में एक गारमेंट फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग बुझाने के लिए दमकल की 25 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
नरेला औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में भी आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल की करीब आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाई। वहीं, शाहदरा के अशोक नगर स्थित रमेश स्टोर में भी आग लग गई। चश्मदीदों के मुताबिक, कुछ लड़के दुकान के पास पटाखे जला रहे थे। दुकानदार की ओर से मना किए जाने के बावजूद वे नहीं माने और आग दुकान तक पहुंच गई। इस घटना में दुकान का सामान जलकर खाक हो गया।
गाजियाबाद में फ्लैट और प्लास्टिक फैक्ट्री आग की चपेट में
दिल्ली से सटे गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित एक फ्लैट में भी आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घर में रॉकेट पहुंचने से आग लगी। दमकल की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की जांच की जा रही है।
इसके अलावा, विजय नगर इंडस्ट्रियल एरिया के साउथ साइड जीटी रोड स्थित नोवा फॉर्म वर्क्स प्राइवेट लिमिटेड की प्लास्टिक फैक्ट्री में आग लग गई। फैक्ट्री में प्लास्टिक शटरिंग का सामान बड़ी मात्रा में रखा था, जिससे आग तेजी से फैल गई और आसमान में धुएं का गुबार छा गया। दमकल की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। यहां भी कोई हताहत नहीं हुआ।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के छोटा देवी खेड़ा इलाके में एक कबाड़ के गोदाम में आग लग गई। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। इस घटना में भी किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मुंबई और नवी मुंबई में दुकान, गैरेज और इमारत में आग
महाराष्ट्र के नवी मुंबई में तुर्भे सेक्टर-21 स्थित एक शॉपिंग सेंटर की पहली मंजिल पर सोफा बनाने वाली दुकान में आग लग गई। सूचना मिलने के बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया।
मुंबई के विद्याविहार स्थित स्काईलाइन एपिटोम बिल्डिंग में भी आग लगने की घटना सामने आई। वहीं, हाजी कसम चॉल के एक गैरेज में लगी आग से वहां रखा सामान जल गया। आग बुझाने के लिए दमकलकर्मियों के साथ स्थानीय लोग भी जुटे रहे। राहत की बात रही कि इन घटनाओं में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
पुणे में भी दिवाली की रात आगजनी की घटनाएं हुईं। वडगांव शेरी के एक अपार्टमेंट और फुरसुंगी के एक गोदाम में आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम किया।
ठाणे में तीन मंजिलों तक पहुंची आग, देवास में भी घटनाएं
ठाणे के रहेजा गार्डन रिहायशी परिसर की आठवीं, नौवीं और दसवीं मंजिल पर आग लगने की खबर सामने आई। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
मध्य प्रदेश के देवास में दिवाली की रात जनता बैंक क्रॉसिंग के पास एक रेस्टोरेंट और मकान में आग लग गई। आग बुझाने के लिए 10 से 12 दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके अलावा, देवास में दिवाली की रात तीन अलग-अलग जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं।

