कांग्रेस सांसद ने प्रदूषण से निपटने के लिए लोगों को जागरूक होने की जरूरत बताई, चुनाव आयोग पर भी लगाए गंभीर आरोप।
दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 300 के पार पहुंच गया है। इस बीच सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का दिवाली और प्रदूषण को लेकर दिया गया बयान चर्चा में आ गया है।
इमरान मसूद ने कहा कि दिवाली हो या प्रदूषण, दोनों मानव जनित समस्याएं हैं। इनसे निपटने के लिए सरकार के भरोसे बैठने के बजाय लोगों को खुद जागरूक होना होगा।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि सरकार चाहे किसी भी पार्टी की हो, प्रदूषण जैसी समस्याओं का समाधान केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। उन्होंने कहा, “दिवाली हो या प्रदूषण, जो है वो मानव जनित रोग है। लोगों को जागरूक होना पड़ेगा। सरकार उनकी हो या हमारी हो, सरकार बहुत ज्यादा इसके अंदर नहीं करेगी। लोगों को जागरूक होना पड़ेगा।”
‘ये लोग दिमागी रूप से विकृत हैं’
इमरान मसूद ने अपने बयान में कुछ लोगों की आलोचना करते हुए उन्हें मानसिक रूप से विकृत बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग केवल नकारात्मक बातें करते हैं। उनके इस बयान को दिल्ली में प्रदूषण और दिवाली से जुड़े विवाद के संदर्भ में देखा जा रहा है।
चुनाव आयोग पर भी साधा निशाना
कांग्रेस सांसद ने चुनाव आयोग को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग दबाव में है और घबराहट में बार-बार अपने आदेश वापस ले रहा है। मसूद ने यह भी कहा कि लोगों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।
दिल्ली के कई इलाकों में एक्यूआई 400 के करीब
इमरान मसूद का बयान ऐसे समय आया है, जब दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बेहद खराब बना हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मंगलवार, 10 नवंबर की सुबह 6 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी के कई इलाकों में एक्यूआई 300 के पार दर्ज किया गया।
सबसे खराब स्थिति चांदनी चौक में रही, जहां एक्यूआई 400 तक पहुंच गया। वहीं, पूसा में 398 दर्ज किया गया। इसके अलावा कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 380, एनएसयूटी जाफरपुर में 384, टॉकटोरा गार्डन में 373, मथुरा रोड पर 372 और सिरीफोर्ट में 375 एक्यूआई रहा।
आया नगर में एक्यूआई 360, बुराड़ी क्रॉसिंग पर 364 और आईआईटी दिल्ली में 361 दर्ज किया गया। ये आंकड़े राजधानी में वायु प्रदूषण की गंभीर स्थिति को दर्शाते हैं।

