मुंबई आतंकी हमलों के 18 साल बाद भी उस खौफनाक रात की यादें ताजा हैं, देशभर के नेताओं ने पीड़ितों और सुरक्षाकर्मियों के बलिदान को किया याद।
मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमलों ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। इस भयावह घटना को 18 साल बीत चुके हैं, लेकिन उस रात की यादें आज भी लोगों के मन में डर पैदा कर देती हैं। 26/11 आतंकी हमलों की बरसी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत कई नेताओं ने शहीदों और पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी।
अमित शाह ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का किया जिक्र
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर 26/11 के हमलों में जान गंवाने वाले लोगों और आतंकवादियों का मुकाबला करते हुए शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों को नमन किया। उन्होंने लिखा कि 2008 में आज ही के दिन मुंबई पर हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमलों ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था।
शाह ने आतंकवादियों को करारा जवाब देते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले बहादुर जवानों और हमलों में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने आतंकवाद को मानवता के खिलाफ सबसे जघन्य अपराध बताते हुए कहा कि मोदी सरकार की आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति की पूरी दुनिया में तारीफ हो रही है। भारत आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और हर तरह के आतंकवाद तथा साजिशों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई कर रहा है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने साहस और बलिदान को किया याद
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी 26/11 हमलों की बरसी पर पीड़ितों और शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि इस दुखद बरसी पर वह अपनी जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को नमन करती हैं और आतंकवाद के खिलाफ निडर होकर खड़े रहने वाले सैनिकों, पुलिसकर्मियों तथा अन्य लोगों के साहस को सलाम करती हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि उनका बलिदान और निस्वार्थ सेवा देश की आत्मा में हमेशा अंकित रहेगी। आतंकवाद जिंदगियां तबाह कर सकता है, लेकिन साहस, करुणा और दृढ़ता से एकजुट राष्ट्र का हौसला नहीं तोड़ सकता। उन्होंने पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़े रहने तथा आतंकवाद को हर रूप में खत्म करने के सामूहिक संकल्प को दोहराया।
केजरीवाल और राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों को कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना देश की रक्षा करने वाले बहादुर सैनिकों को नमन किया और हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को भी श्रद्धांजलि दी।
वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लिखा कि 26/11 के दुस्साहसी आतंकी हमले में शहीद हुए बहादुर सैनिकों और जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को उनकी विनम्र श्रद्धांजलि है। देश उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भूलेगा।
नितिन नबीन और सम्राट चौधरी ने भी किया नमन
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने हमलों में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि दी और मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सुरक्षाकर्मियों को नमन किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों, एनएसजी कमांडो और अन्य सुरक्षा बलों के अदम्य साहस की सराहना करते हुए कहा कि शहीदों का बलिदान देश की सुरक्षा के लिए हमेशा सतर्क रहने की प्रेरणा देता रहेगा।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी आतंकी हमले में शहीद हुए सैनिकों और पुलिसकर्मियों के साथ जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि देश उनके साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखेगा।
मुंबई में हाई अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
साल 2008 में लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकवादियों ने मुंबई के अलग-अलग हिस्सों में बम धमाके और अंधाधुंध गोलीबारी की थी। इस हमले में 166 लोगों की जान चली गई थी, जबकि 300 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
हमलों की 18वीं बरसी पर मुंबई पुलिस हाई अलर्ट पर है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है और हवाई सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

