डीयू सेंट्रल प्लेसमेंट सेल के रोजगार मेले में ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन के छात्रों को नौकरी के साथ इंटर्नशिप के अवसर भी मिलेंगे।
नई दिल्ली, 3 अक्टूबर।
दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्रों के लिए रोजगार से जुड़ा अहम अपडेट है। डीयू सेंट्रल प्लेसमेंट सेल की ओर से ‘अवसर’ नाम से रोजगार मेले का आयोजन 7 अक्टूबर को किया जाएगा। मेले में छात्रों को नौकरी और इंटर्नशिप के लिए अलग-अलग कंपनियों से जुड़ने का मौका मिलेगा। नौकरी के लिए 4 लाख से 10 लाख रुपये सालाना तक के पैकेज की पेशकश की जाएगी।
सभी स्ट्रीम के छात्र ले सकेंगे हिस्सा
रोजगार मेले के लिए अब तक 4,200 से अधिक छात्रों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। हालांकि, जिन छात्रों ने पहले रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, उनके लिए मौके पर रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
डीयू के ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन के सभी स्ट्रीम के छात्र इस रोजगार मेले में हिस्सा ले सकते हैं।
10 लाख तक का पैकेज, 60 हजार रुपये तक स्टाइपेंड
रोजगार मेले में कंपनियां नौकरी के साथ इंटर्नशिप के अवसर भी देंगी। नौकरी के लिए 4 लाख से 10 लाख रुपये सालाना तक के पैकेज की पेशकश की जाएगी। वहीं, इंटर्नशिप करने वाले छात्रों को अधिकतम 60 हजार रुपये प्रति माह तक का स्टाइपेंड मिल सकता है।
90 से ज्यादा कंपनियों ने कराया रजिस्ट्रेशन
डीयू के अनुसार, रोजगार मेले के लिए 90 से अधिक कंपनियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें से 82 कंपनियों को मेले में शामिल होने की मंजूरी मिल चुकी है। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक्नोलॉजी, कंसल्टेंसी, कॉमर्स एवं फाइनेंस, एडटेक और एनजीओ क्षेत्र से जुड़ी कंपनियां शामिल हैं।
डीयू की ओर से पिछले साल भी रोजगार मेले का आयोजन किया गया था। उस दौरान करीब 1,400 छात्रों को रोजगार के अवसर मिलने की जानकारी दी गई थी।

