हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने विभिन्न ऑफिसर पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। कुल 116 पदों पर होने वाली इस भर्ती में फ्रेशर्स और अनुभवी दोनों उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 20 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
सरकारी और प्रतिष्ठित कंपनी में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए शानदार अवसर है। हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने विभिन्न ऑफिसर पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 116 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। खास बात यह है कि कुछ पदों पर बिना किसी कार्य अनुभव के भी आवेदन किया जा सकता है।
फ्रेशर्स के लिए इन पदों पर मौका
एचपीसीएल ने जूनियर एग्जीक्यूटिव (केमिकल) के 37 पद और जूनियर एग्जीक्यूटिव (फायर एंड सेफ्टी) के 17 पदों पर फ्रेशर्स से आवेदन मांगे हैं।
जूनियर एग्जीक्यूटिव (केमिकल) पद के लिए उम्मीदवार के पास केमिकल इंजीनियरिंग में तीन वर्षीय डिप्लोमा होना चाहिए। वहीं जूनियर एग्जीक्यूटिव (फायर एंड सेफ्टी) पद के लिए साइंस में स्नातक, फायर एंड सेफ्टी में डिप्लोमा और हैवी व्हीकल ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य है। इन दोनों पदों के लिए किसी अनुभव की आवश्यकता नहीं होगी।
वरिष्ठ पदों पर भी भर्ती
भर्ती अभियान के तहत सीनियर ऑफिसर, असिस्टेंट मैनेजर, प्रोजेक्ट मैनेजर, चीफ मैनेजर, डिप्टी जनरल मैनेजर और जनरल मैनेजर सहित कई वरिष्ठ पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी। इन पदों के लिए संबंधित शैक्षणिक योग्यता के साथ 2 से 24 वर्ष तक का कार्य अनुभव मांगा गया है।
आयु सीमा और वेतन
फ्रेशर्स के पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं अनुभवी उम्मीदवारों के लिए पद के अनुसार अधिकतम आयु सीमा 29 से 54 वर्ष तक रखी गई है।
चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार 30,000 रुपये से 2.80 लाख रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, ग्रुप डिस्कशन, साइकोमेट्रिक असेसमेंट, स्किल टेस्ट, इंटरव्यू और आवश्यकता पड़ने पर फिजिकल फिटनेस टेस्ट के आधार पर किया जाएगा।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार HPCL की आधिकारिक वेबसाइट के Career सेक्शन में जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सबसे पहले रजिस्ट्रेशन करें, फिर आवेदन फॉर्म में आवश्यक जानकारी भरें और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें। इसके बाद आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करें।
आवेदन शुल्क और अंतिम तिथि
जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 1,000 रुपये आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क में छूट दी गई है।
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई निर्धारित की गई है।

