सुपरनोवा की 43वीं मंजिल से युवक ने लगाई छलांग, मौके पर मौत; पुलिस जांच में जुटी

Thecity news
2 Min Read

नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा स्पायरा में युवक एक दिन के लिए ठहरा था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ के जरिए मामले की जांच कर रही है।

नोएडा, 3 अक्टूबर। नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसाइटी की स्पायरा बिल्डिंग में एक युवक ने 43वीं मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान मानेसर निवासी संभव जैन के रूप में हुई है। वह बिल्डिंग के एक कमरे में अकेले ठहरा था।

बालकनी से लगाई छलांग

पुलिस के अनुसार संभव जैन शुक्रवार को ऑनलाइन बुकिंग के जरिए सुपरनोवा स्पायरा के एक कमरे में ठहरने आया था। वह वहां एक दिन के लिए अकेला रुका था। घटना के समय वह बालकनी की रेलिंग के बाहर पहुंच गया था।

पास के एक फ्लैट में एसी रिपेयरिंग का काम कर रहे लोगों ने उसे रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वह 43वीं मंजिल से नीचे कूद गया। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलने के बाद सेक्टर-126 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती पूछताछ में आसपास मौजूद लोगों ने युवक के मानसिक तनाव में होने की बात कही है, हालांकि उसकी मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और आगे की जांच जारी है।

Share This Article