Shah Rukh Khan Lalbaugcha Raja: शाहरुख खान ने परिवार संग किए लालबागचा राजा के दर्शन, सुहाना के चेहरे पर लगा सिंदूर

Thecity news
3 Min Read

गौरी खान, सुहाना खान और मैनेजर पूजा ददलानी के साथ लालबागचा राजा पहुंचे शाहरुख खान, पूरे परिवार ने शाम की आरती में लिया हिस्सा

मुंबई में गणेशोत्सव का उत्साह अपने चरम पर है। आम लोगों के साथ बॉलीवुड सितारे भी गणपति बप्पा का आशीर्वाद लेने अलग-अलग पंडालों में पहुंच रहे हैं। इसी सिलसिले में बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान मंगलवार को मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे।

शाहरुख के साथ उनकी पत्नी गौरी खान, बेटी सुहाना खान और मैनेजर पूजा ददलानी भी मौजूद थीं। पूरे परिवार ने बप्पा के दरबार में शीश नवाया और शाम की भव्य आरती में श्रद्धा के साथ हिस्सा लिया।

पारंपरिक लिबास में नजर आया खान परिवार

लालबागचा राजा के दर्शन के दौरान शाहरुख खान और उनका परिवार पारंपरिक परिधान में नजर आया। शाहरुख ने नीले रंग का कुर्ता पहना था, जबकि गौरी खान पीले रंग के एथनिक सूट में दिखाई दीं।

वहीं, सुहाना खान हरे रंग के सूट में नजर आईं। परिवार के इस खास अंदाज की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं।

दर्शन के दौरान एक भावुक पल भी देखने को मिला। सुहाना के चेहरे पर सिंदूर लग गया था, जिसे उनकी मां गौरी खान ने तुरंत अपने दुपट्टे से साफ किया। इस पल को देखकर सोशल मीडिया पर फैंस गौरी खान के अंदाज की तारीफ करते नजर आए।

आर्यन और अबराम नहीं आए नजर

इस बार शाहरुख खान के बड़े बेटे आर्यन खान और छोटे बेटे अबराम खान दर्शन के दौरान नजर नहीं आए। ऐसे में फैंस को दोनों की कमी जरूर महसूस हुई।

शाहरुख खान गणपति उत्सव के दौरान बप्पा के दर्शन के लिए पहले भी लालबागचा राजा के पंडाल पहुंचते रहे हैं। साल 2023 में वह अपने छोटे बेटे अबराम के साथ यहां दर्शन करने पहुंचे थे।

शाहरुख ने हाल ही में एक फैन के सवाल का जवाब देते हुए अपने घर में गणपति उत्सव मनाने के तरीके के बारे में भी बताया था। उन्होंने कहा था कि उनके घर पर गणपति उत्सव सादगी से मनाया जाता है, गौरी आरती करती हैं और पूरा परिवार साथ मिलकर इसमें शामिल होता है।

24 दिसंबर को रिलीज होगी ‘किंग’

वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘किंग’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म की रिलीज डेट आधिकारिक तौर पर तय हो चुकी है।

मेकर्स के अनुसार, ‘किंग’ 24 दिसंबर 2026 को क्रिसमस के मौके पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को लेकर शाहरुख के फैंस के बीच पहले से ही काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।

Share This Article