यूपी बोर्ड की हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा 2026 की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन शनिवार तक पूरा होने जा रहा है। इसी बीच साइबर ठग छात्रों और अभिभावकों को फोन कर नंबर बढ़ाने के नाम पर ठगी करने लगे हैं। बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने स्पष्ट किया है कि ऐसे किसी भी कॉल, मैसेज या ईमेल पर विश्वास न करें।
बोर्ड ने जारी की सख्त चेतावनी
बोर्ड ने कहा है कि वह कभी भी व्यक्तिगत रूप से परीक्षार्थियों से संपर्क नहीं करता। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी जानकारी, रोल नंबर या बैंक डिटेल साझा न करें।
अगर इस तरह का कोई कॉल आए तो उसे रिकॉर्ड करें और तुरंत अपने जिले के जिला विद्यालय निरीक्षक को सूचित करें या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से ऐसे साइबर अपराधियों पर आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कब आएगा यूपी बोर्ड रिजल्ट 2026
मूल्यांकन कार्य में ईद और राम नवमी की छुट्टियों के कारण हल्की देरी हुई थी, इसलिए इसकी अवधि 1 अप्रैल से बढ़ाकर 4 अप्रैल तक कर दी गई थी।
अब बोर्ड की योजना है कि यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं का रिजल्ट अप्रैल के अंतिम सप्ताह में जारी किया जाए।
संभावना है कि परिणाम 20 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच कभी भी घोषित हो सकता है।
कहां चेक करें रिजल्ट
छात्र अपना परिणाम निम्न वेबसाइट्स पर देख सकेंगे:
- आधिकारिक वेबसाइट: upmsp.edu.in
- लाइव हिन्दुस्तान: www.livehindustan.com/career/results/up-board-result
रिजल्ट चेक करने का तरीका
- आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं
- UP Board 10th/12th Result 2026 लिंक पर क्लिक करें
- रोल नंबर और जन्मतिथि दर्ज करें
- स्क्रीन पर रिजल्ट देखें
- डाउनलोड/प्रिंट कर लें
34,637 छात्रों के प्रैक्टिकल अंक अब तक अपलोड नहीं
बोर्ड के अनुसार 652 स्कूलों ने इंटरमीडिएट के 34,637 छात्रों के प्रैक्टिकल अंक अपलोड नहीं किए हैं, जिससे उनके परिणाम प्रभावित हो सकते हैं।
बोर्ड सचिव ने संबंधित स्कूलों को 6 और 7 अप्रैल तक अंक अपलोड करने के निर्देश दिए हैं, ताकि रिजल्ट तैयार करने में कोई बाधा न आए।

