मुंबई मनपा सभा में गूंजा हुतात्मा स्मारक की बदहाली का मुद्दा, सत्ता और विपक्ष में तीखी बहस

Thecity news
4 Min Read

चार साल के प्रशासक राज में भी नहीं हुआ सुंदरीकरण, विपक्ष ने उठाए सवाल

मुंबई की पहचान और महाराष्ट्र की अस्मिता माने जाने वाले हुतात्मा स्मारक की बदहाल स्थिति का मुद्दा शुक्रवार को मुंबई मनपा की सभा में जोरदार तरीके से उठा। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर आरोप लगाए।

सभा की शुरुआत में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नगरसेवक अंकित प्रभू ने आपत्ति का मुद्दा उठाते हुए स्मारक की खराब हालत की ओर सभागृह का ध्यान आकर्षित किया। उनका समर्थन करते हुए विपक्ष की नेता किशोरी पेडणेकर ने प्रशासन पर तीखा हमला बोला।

“चार साल में भी नहीं सुधरी हालत”

किशोरी पेडणेकर ने सवाल उठाया कि पिछले चार वर्षों से मुंबई में प्रशासक राज होने के बावजूद हुतात्मा स्मारक का सुंदरीकरण क्यों नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास निधि के वितरण में विपक्ष के साथ भेदभाव किया जा रहा है और विपक्षी नगरसेवकों को केवल 25 लाख रुपये का निधि दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष अपना 25 लाख रुपये का निधि भी हुतात्मा स्मारक के विकास के लिए देने को तैयार है, लेकिन प्रशासन को स्मारक की स्थिति सुधारने के लिए गंभीर कदम उठाने चाहिए।

कांग्रेस और सत्ता पक्ष आमने-सामने

कांग्रेस के गटनेता अशरफ आजमी ने भी सत्ता पक्ष को घेरते हुए कहा कि 106 हुतात्माओं के बलिदान की वजह से मुंबई महाराष्ट्र को मिली, लेकिन आज सत्ता में बैठे लोग उनके सम्मान को बनाए रखने में असफल रहे हैं।

इस पर शिवसेना के गटनेता अमेय धोले ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस की सोच हमेशा मुंबई को महाराष्ट्र से अलग करने की रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मराठी आंदोलन का कांग्रेस ने विरोध किया था और हुतात्माओं पर गोली चलाने का काम भी कांग्रेस सरकार में हुआ था।

बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

बीजेपी नगरसेवक योगेश वर्मा ने कहा कि 107 लोग शहीद हुए थे, लेकिन कांग्रेस और शिवसेना इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस को महाराष्ट्र और मराठी विरोधी बताते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा से इस मुद्दे का विरोध करती रही है।

स्थायी समिति अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे ने भी कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के हाथ हुतात्माओं के खून से रंगे हुए हैं और अब उन्हें हुतात्माओं के प्रति प्रेम का दिखावा नहीं करना चाहिए।

“मनपा के पास फंड की कमी नहीं”

सभा नेता गणेश खणकर ने माहौल शांत करने की कोशिश करते हुए कहा कि हुतात्मा स्मारक का सुंदरीकरण जरूर होना चाहिए और इसके लिए मनपा पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को नगरसेवक निधि से जोड़ने की आवश्यकता नहीं है।

विपक्ष ने यह भी सवाल उठाया कि जब महापौर ने अपने पक्ष के नगरसेवकों को बड़ा निधि आवंटित किया है, तो हुतात्मा स्मारक के लिए पर्याप्त फंड क्यों उपलब्ध नहीं कराया जा रहा।

Share This Article