बिहार के भोजपुर जिले के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के जवान अक्षय को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि एनकाउंटर के दौरान भरत तिवारी पर गोली उसी ने चलाई थी। अक्षय उस टीम का हिस्सा था, जो घटना के समय मौके पर मौजूद थी। भरत तिवारी की मां ने भी उसी पर हत्या का आरोप लगाया था।
फर्जी एनकाउंटर के आरोपों के बीच कार्रवाई
भरत तिवारी की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे फर्जी एनकाउंटर बताया था और निष्पक्ष जांच की मांग की थी। अब आरोपी STF जवान की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच और तेज होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद सरकार का एक्शन
हाल ही में भरत तिवारी के परिजनों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से पटना में मुलाकात कर अपनी मांगें और आरोप रखे थे। इसके बाद सरकार ने मामले में कार्रवाई शुरू की।
सरकार ने एनकाउंटर के समय भोजपुर के जगदीशपुर में तैनात एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा को पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय भेज दिया। बाद में उन्हें मद्य निषेध विभाग में डीएसपी की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन विवाद बढ़ने पर उन्हें वहां से भी वापस बुला लिया गया।
इसके अलावा जगदीशपुर के एसडीओ संजीत कुमार को भी पद से हटाकर सामान्य प्रशासन विभाग में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। मामले में उनकी भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए गए थे।
एनकाउंटर पर उठे थे कई सवाल
भरत तिवारी एनकाउंटर बिहार की राजनीति का बड़ा मुद्दा बन गया था। विपक्षी दलों के साथ-साथ सत्तारूढ़ गठबंधन के कुछ नेताओं ने भी पुलिस कार्रवाई और एनकाउंटर की प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे।
सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने निष्पक्ष जांच की मांग की थी और कहा था कि यदि किसी पुलिसकर्मी की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
सभी पहलुओं की जांच जारी
STF जवान की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां एनकाउंटर से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किन परिस्थितियों में चलाई गई और पूरी कार्रवाई निर्धारित नियमों के अनुरूप थी या नहीं।

