मुंबई के बिजनेसमैन को पाकिस्तान नंबर से धमकी, सरकार की कार्रवाई की तारीफ करना पड़ा भारी; एक आरोपी गिरफ्तार

Thecity news
3 Min Read

बांद्रा के गरीब नगर में अवैध निर्माण पर कार्रवाई की तारीफ करने के बाद इम्तियाज खत्री को WhatsApp कॉल और वॉइस नोट के जरिए धमकी मिली, क्राइम ब्रांच ने सतारा से आरोपी को पकड़ा

मुंबई में एक बिजनेसमैन को पाकिस्तान के नंबर से धमकी मिलने का मामला सामने आया है। बिजनेसमैन इम्तियाज खत्री ने बांद्रा के गरीब नगर इलाके में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई की तारीफ की थी। इसके बाद उन्हें WhatsApp कॉल और वॉइस नोट के जरिए पाकिस्तान के एक नंबर से धमकी दी गई। मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

मोबाइल जांच में पाकिस्तान नंबर से संपर्क का खुलासा

जांच के दौरान मुंबई क्राइम ब्रांच को आरोपी का पाकिस्तान में मौजूद उस नंबर से सीधा संपर्क मिला, जिससे बिजनेसमैन को धमकी दी गई थी। आरोपी के मोबाइल की जांच करने पर दोनों के बीच बातचीत और संपर्क के पुख्ता सबूत बरामद होने की बात सामने आई है।

क्राइम ब्रांच अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी का सीमा पार मौजूद लोगों से किस तरह का संपर्क था और बिजनेसमैन को धमकी देने के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

जम्मू-कश्मीर का रहने वाला है आरोपी

क्राइम ब्रांच ने इस मामले में सतारा से 45 वर्षीय मोहम्मद शरीफ को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, शरीफ जम्मू-कश्मीर के पुंछ का रहने वाला है। उसे मुंबई की अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने 13 सितंबर तक उसे क्राइम ब्रांच की कस्टडी में भेज दिया।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शरीफ साल 2008 में मुंबई आया था। उसने अंधेरी, साकीनाका, जोगेश्वरी और बांद्रा जैसे इलाकों में वॉचमैन के तौर पर काम किया है। फिलहाल वह सतारा में रह रहा था।

PoK में रहता है आरोपी का पिता

जांच में एक और अहम जानकारी सामने आई है। आरोपी मोहम्मद शरीफ के पिता पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में रहते हैं। क्राइम ब्रांच ने आरोपी की पत्नी शबनम और उसके भतीजे से भी लंबी पूछताछ की है।

शबनम ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति के साथ सतारा में घरेलू काम करती है। अब पुलिस आरोपी के सीमा पार संपर्क और धमकी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

Share This Article