24 अक्टूबर से 14 नवंबर तक चलेगा हाइब्रिड प्रोग्राम, शुरुआती 20 आवेदकों को 45 हजार रुपये में मिलेगा सर्टिफिकेशन कोर्स
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे छात्रों और प्रोफेशनल्स के लिए आईआईटी हैदराबाद ने नया सर्टिफिकेशन प्रोग्राम शुरू किया है। संस्थान का चार सप्ताह का अप्लाइड एआई प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन प्रोग्राम 24 अक्टूबर से 14 नवंबर 2026 तक चलेगा। यह कोर्स हाइब्रिड मोड में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रतिभागियों को एआई की थ्योरी के साथ वास्तविक परिस्थितियों में एआई सिस्टम बनाने, चलाने और मैनेज करने की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दी जाएगी।
कोर्स में एआई एजेंट, आरएजी, मल्टी-एजेंट सिस्टम और एआई सिस्टम के मूल्यांकन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य ऐसे प्रोफेशनल्स तैयार करना है, जो वास्तविक बिजनेस जरूरतों के लिए भरोसेमंद और प्रभावी एआई सिस्टम तैयार कर सकें।
चार मुख्य मॉड्यूल में होगी प्रैक्टिकल ट्रेनिंग
प्रोग्राम को चार प्रमुख मॉड्यूल में बांटा गया है। पहले मॉड्यूल में रिलायबल एआई एजेंट्स की बुनियाद समझाई जाएगी। इसमें मॉडल का चयन, टूल कॉलिंग, स्ट्रक्चर्ड आउटपुट, रिट्राई लॉजिक और रिकवरी जैसे विषय शामिल होंगे।
दूसरे मॉड्यूल में नॉलेज, मेमोरी एंड प्रोडक्शन (आरएजी) पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें डॉक्यूमेंट चंकिंग, सिमेंटिक सर्च, लॉन्ग-टर्म मेमोरी, रीरैंकिंग और प्रॉम्प्ट इंजेक्शन से बचाव जैसे विषयों पर काम कराया जाएगा।
तीसरे मॉड्यूल में ग्राफ-बेस्ड मल्टी-एजेंट सिस्टम्स की जानकारी दी जाएगी। इसके तहत मल्टी-एजेंट सिस्टम, ऑर्केस्ट्रेशन, चेकपॉइंट्स और एमसीपी पर प्रैक्टिकल ट्रेनिंग मिलेगी।
चौथे मॉड्यूल में इवैल्यूएशन, ऑब्जर्वेबिलिटी एंड लॉन्च को शामिल किया गया है। इसमें प्रतिभागियों को एआई सिस्टम की जांच, निगरानी और उसे प्रोडक्शन में लॉन्च करने की प्रक्रिया समझाई जाएगी।
आईआईटी फैकल्टी के साथ इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स देंगे ट्रेनिंग
प्रोग्राम में आईआईटी हैदराबाद के फैकल्टी सदस्यों के साथ इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स भी प्रशिक्षण देंगे। कोर्स पूरा करने के लिए प्रतिभागियों को सोर्स कोड और मूल्यांकन से संबंधित सामग्री जमा करनी होगी। इसके अलावा उन्हें एक काम करने वाला प्रोडक्शन-स्टाइल एआई एजेंट एप्लिकेशन भी प्रदर्शित करना होगा।
पहले 20 आवेदकों को फीस में छूट
सीमित सीटों के साथ अर्ली-बर्ड रजिस्ट्रेशन शुरू किया गया है। शुरुआती 20 आवेदकों के लिए कोर्स फीस 45,000 रुपये टैक्स सहित रखी गई है। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कराने वाले उम्मीदवारों को 50,000 रुपये टैक्स सहित फीस देनी होगी।

