जेईई मेन 2027 के लिए 10 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन, आवेदन की आखिरी तारीख नजदीक

Thecity news
4 Min Read

सेशन-1 की परीक्षा जनवरी में छह दिनों तक होगी, 22 नवंबर तक आवेदन का मौका; गलती होने पर नया फॉर्म भरने की भी अनुमति

जेईई मेन 2027 सेशन-1 परीक्षा के लिए अब तक 10 लाख से अधिक अभ्यर्थी रजिस्ट्रेशन कर चुके हैं। बुधवार, 18 नवंबर तक कुल 10,47,083 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 8,38,138 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन फीस भी जमा कर दी है। आवेदन की अंतिम तारीख 22 नवंबर 2026 है।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे आवेदन के आखिरी दिनों का इंतजार न करें और समय रहते प्रक्रिया पूरी कर लें। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।

जेईई के जरिए 67 हजार से ज्यादा सीटों पर दाखिला

जेईई मेन के स्कोर के आधार पर देश के 32 एनआईटी, 26 ट्रिपलआईटी और 47 जीएफटीआई संस्थानों में प्रवेश मिलता है। वहीं, जेईई एडवांस्ड के जरिए 23 आईआईटी में दाखिला होता है। जेईई एडवांस्ड 2027 की परीक्षा 23 मई को आयोजित की जाएगी।

पिछले वर्ष के आंकड़ों के मुताबिक, आईआईटी, एनआईटी, ट्रिपलआईटी और जीएफटीआई संस्थानों में कुल 67,323 सीटें थीं। इनमें एनआईटी की 25,162, ट्रिपलआईटी की 11,518, जीएफटीआई की 11,692 और आईआईटी की 18,951 सीटें शामिल थीं। इन संस्थानों में दाखिले जोसा काउंसलिंग के जरिए होते हैं।

जेईई एडवांस्ड के लिए 2.50 लाख उम्मीदवार होंगे पात्र

जेईई मेन में शीर्ष प्रदर्शन करने वाले 2.50 लाख अभ्यर्थियों को जेईई एडवांस्ड परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा। इनमें सामान्य श्रेणी के 1,01,250, ईडब्ल्यूएस के 25,000, ओबीसी के 67,500, एससी के 37,500 और एसटी के 18,750 उम्मीदवार शामिल होंगे।

जनवरी में छह दिन होगी जेईई मेन परीक्षा

जेईई मेन 2027 सेशन-1 की परीक्षाएं 20, 21, 22, 23, 24 और 28 जनवरी को आयोजित की जाएंगी। परीक्षा प्रतिदिन दो शिफ्ट में होगी। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी।

जेईई मेन में होते हैं दो पेपर

जेईई मेन में दो पेपर आयोजित किए जाते हैं। पेपर-1 बीई और बीटेक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए होता है। इसके स्कोर के आधार पर एनआईटी, ट्रिपलआईटी और अन्य केंद्रीय वित्तपोषित तकनीकी संस्थानों में दाखिला मिलता है।

वहीं, पेपर-2 बीआर्क और बी-प्लानिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित किया जाता है।

आवेदन में गलती होने पर भर सकते हैं नया फॉर्म

एनटीए के नए नियम के मुताबिक, आवेदन फॉर्म में बड़ी गलती होने पर उम्मीदवार नया आवेदन भी भर सकते हैं। हालांकि, अभ्यर्थियों को ध्यान रखना होगा कि फीस जमा होने और कन्फर्मेशन पेज जनरेट होने वाला आवेदन ही मान्य माना जाएगा।

नया फॉर्म भरने पर उम्मीदवार को अलग एप्लीकेशन नंबर मिलेगा। इसमें सभी जानकारियां दोबारा भरने के साथ फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी दस्तावेज भी फिर से अपलोड करने होंगे। पुराने आवेदन की फीस वापस नहीं की जाएगी और न ही उसे नए आवेदन की फीस में समायोजित किया जाएगा।

Share This Article