सरकारी बैंक में नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। बैंक ऑफ इंडिया ने ऑफिसर के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 205 अधिकारी पदों को भरा जाएगा। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
25 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन
बैंक ऑफ इंडिया की इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 25 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को संबंधित पद के लिए निर्धारित पात्रता मानदंड और अन्य शर्तों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।
205 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत अलग-अलग ग्रेड में कुल 205 पद भरे जाएंगे।
| पद | पदों की संख्या |
|---|---|
| चीफ मैनेजर | 10 |
| सीनियर मैनेजर | 49 |
| मैनेजर | 118 |
| ऑफिसर | 28 |
| कुल | 205 |
सबसे ज्यादा 118 पद मैनेजर के हैं। इसके अलावा 49 सीनियर मैनेजर, 28 ऑफिसर और 10 चीफ मैनेजर के पद शामिल हैं।
किन क्षेत्रों में होंगी भर्तियां?
चीफ मैनेजर के पदों पर टेक्नोलॉजी, डिजिटल बैंकिंग, ट्रेड फाइनेंस, आईटी और इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी जैसे क्षेत्रों में नियुक्तियां होंगी।
सीनियर मैनेजर के पदों में फुल स्टैक इंजीनियरिंग, डेटा इंजीनियरिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर, साइबर सिक्योरिटी, डेटाबेस और टेक्नोलॉजी आर्किटेक्चर जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
मैनेजर के पदों पर आईटी, इंजीनियरिंग, डेटा एनालिटिक्स, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट, यूआई/यूएक्स, सिक्योरिटी, लॉ और फायर/सिक्योरिटी ऑफिसर समेत कई क्षेत्रों में भर्ती होगी।
ऑफिसर के पदों पर फुल स्टैक इंजीनियरिंग, एप्लिकेशन सपोर्ट, डेटा एनालिटिक्स, डेटा इंजीनियरिंग, टेस्टिंग, इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी और सिविल इंजीनियरिंग से जुड़े पद शामिल हैं।
कितना मिलेगा वेतन?
चयनित उम्मीदवारों को पद और ग्रेड के अनुसार बेसिक वेतन दिया जाएगा। इस भर्ती में बेसिक वेतन 48,480 रुपये से लेकर 1,20,940 रुपये तक निर्धारित है।
कितना है आवेदन शुल्क?
आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा। एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 175 रुपये है। वहीं जनरल, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी उम्मीदवारों को 1,180 रुपये का शुल्क देना होगा। इसमें आवेदन शुल्क और इंटीमेशन चार्ज शामिल हैं।
100 मिनट की होगी ऑनलाइन परीक्षा
चयन प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा की कुल अवधि 100 मिनट होगी। इसमें दो टेस्ट होंगे।
- इंग्लिश लैंग्वेज टेस्ट: 25 अंक
- प्रोफेशनल नॉलेज टेस्ट: 100 अंक
इंग्लिश लैंग्वेज टेस्ट को छोड़कर बाकी टेस्ट हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होंगे।
कैसे होगा चयन?
सबसे पहले उम्मीदवारों को ऑनलाइन परीक्षा देनी होगी। जनरल और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों को परीक्षा में क्वालिफाई करने के लिए 35 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे। एससी, एसटी, ओबीसी और पीडब्ल्यूडी उम्मीदवारों को न्यूनतम अंकों में 5 प्रतिशत की छूट दी गई है।
ऑनलाइन परीक्षा में प्रोफेशनल नॉलेज के प्रदर्शन के आधार पर उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। इंटरव्यू के लिए अलग से मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।
गलत जवाब पर नेगेटिव मार्किंग
ऑनलाइन परीक्षा में गलत उत्तर देने पर नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान है। प्रत्येक गलत उत्तर के लिए उस सवाल के निर्धारित अंकों का एक-चौथाई हिस्सा काटा जाएगा। हालांकि, जिन सवालों को उम्मीदवार बिना उत्तर दिए छोड़ देंगे, उनके लिए कोई अंक नहीं काटा जाएगा।

